जंगली जानवर का हमला, खेत में काम कर रही महिला गंभीर घायल, दहशत में गांव

जिले में जंगली जानवर का आतंक थमने का नाम नहीं ले रहा है। हरदी थाना क्षेत्र के शिवबक्स पुरवा गांव में खेत में काम कर रही रामावती नाम की महिला पर अज्ञात जंगली जानवर ने अचानक हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गईं। घटना के बाद उन्हें तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है।

परिजनों के मुताबिक रामावती गेहूं के खेत में घास काटने गई थीं, तभी घात लगाए बैठे जंगली जानवर ने उन पर हमला कर दिया और उन्हें बुरी तरह लहूलुहान कर दिया। काफी देर तक जब वह घर नहीं लौटीं तो परिवार के लोग तलाश करते हुए खेत पहुंचे, जहां वह गंभीर हालत में पड़ी मिलीं। आनन-फानन में उन्हें अस्पताल पहुंचाया गया। ग्रामीणों का कहना है कि हमला करने वाला जानवर भेड़िया हो सकता है।

पीड़िता के अनुसार हमलावर जानवर का मुंह लंबा और बेहद डरावना था। इस घटना के बाद पूरे इलाके में खौफ का माहौल है और ग्रामीणों ने प्रशासन से सुरक्षा की मांग की है। सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है, लेकिन गांववालों के मन में अब भी डर बना हुआ है और वे पूछ रहे हैं कि आखिर इस आदमखोर के आतंक का अंत कब होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *