भोपाल। मध्यप्रदेश के लोगों के लिए बड़ी खुशखबरी है क्योंकि प्रदेश के उज्जैन और जबलपुर में अत्याधुनिक वन्यजीव केंद्र सह रेस्क्यू सेंटर विकसित किए जाएंगे, जहां घायल और संकटग्रस्त वन्यजीवों के संरक्षण के साथ-साथ आम लोग भी प्राकृतिक वातावरण में वन्यजीवों को करीब से देखने का अनुभव कर सकेंगे।
उज्जैन में वनतारा की तर्ज पर वाइल्ड लाइफ सेंटर कम इंडियन जू कम रेस्क्यू सेंटर विकसित किया जाएगा, जो करीब 500 हेक्टेयर क्षेत्र में फैला होगा और यहां देश-दुनिया के करीब 11 अलग-अलग जंगलों जैसा अनुभव एक ही परिसर में मिलने वाला है, जिससे यह प्रोजेक्ट पर्यटन के लिहाज से भी बेहद खास बन जाएगा।
इस महत्वाकांक्षी परियोजना का पहला चरण वर्ष 2026 में शुरू किया जाएगा और 2027 के अंत तक इसे पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है, वहीं उज्जैन में पहले से 50 हेक्टेयर में विकसित ईको टूरिज्म पार्क को भी इसी वन्यजीव केंद्र परिसर में शामिल किया जाएगा, जिससे सुविधाएं और आकर्षण दोनों बढ़ेंगे।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने शुक्रवार को उज्जैन में वन्यजीव केंद्र सह रेस्क्यू सेंटर के निर्माण को लेकर नियुक्त कंसल्टेंट फर्म के पदाधिकारियों के साथ अहम बैठक की, जिसमें परियोजना की रूपरेखा, समयसीमा और क्रियान्वयन की रणनीति पर विस्तार से चर्चा की गई।

