तमिल फिल्मों के सुपरस्टार धनुष और बॉलीवुड व साउथ इंडियन एक्ट्रेस मृणाल ठाकुर को लेकर इन दिनों शादी की चर्चाएं तेज हो गई हैं। सोशल मीडिया पर दोनों के रिश्ते को लेकर लगातार कयास लगाए जा रहे हैं और अब इन चर्चाओं को और हवा मिल गई है शादी की तारीख को लेकर सामने आई नई खबरों से।
बताया जा रहा है कि 42 साल के धनुष और 33 साल की मृणाल ठाकुर वेलेंटाइन डे यानी 14 फरवरी 2026 को शादी के बंधन में बंध सकते हैं। खबरों के मुताबिक यह शादी बेहद प्राइवेट फंक्शन होगी, जिसमें सिर्फ करीबी परिवार के सदस्य और चुनिंदा दोस्त ही शामिल होंगे।
दरअसल फिल्म ‘सन ऑफ सरदार 2’ की स्पेशल स्क्रीनिंग के दौरान धनुष मुंबई पहुंचे थे, जहां से दोनों का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था। वीडियो में धनुष और मृणाल एक-दूसरे का हाथ थामे नजर आए, जिसके बाद से ही दोनों के रिश्ते को लेकर चर्चाएं शुरू हो गईं।
सोशल मीडिया पर यह भी कहा जा रहा है कि धनुष और मृणाल एक-दूसरे को डेट कर रहे हैं और फिलहाल अपने रिश्ते को दुनिया से छुपाकर रखे हुए हैं। हालांकि दोनों में से किसी ने भी अब तक शादी या रिश्ते को लेकर आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।
हाल ही में एक इंटरव्यू के दौरान मृणाल ठाकुर ने इन खबरों को महज अफवाह बताया। उन्होंने मुस्कुराते हुए कहा कि धनुष सिर्फ उनके अच्छे दोस्त हैं और इससे ज्यादा कुछ नहीं है।
गौरतलब है कि धनुष पहले से शादीशुदा रह चुके हैं। उन्होंने साल 2004 में सुपरस्टार रजनीकांत की बेटी ऐश्वर्या से शादी की थी। इस शादी से उनके दो बेटे यात्रा और लिंगा हैं। साल 2022 में दोनों ने अलग होने का ऐलान किया था और 2024 में कोर्ट ने उनके तलाक पर मुहर लगा दी थी।
अब सवाल यही है कि क्या वाकई धनुष इस वेलेंटाइन डे पर दूसरी शादी करने जा रहे हैं या यह सब सिर्फ अफवाहों का शोर है, इसका जवाब आने वाला वक्त ही देगा।

