देशभर में महिलाओं के सम्मान और सुरक्षा को लेकर बड़े-बड़े दावे किए जाते हैं, मंचों से भाषण होते हैं और योजनाओं की बातें होती हैं, लेकिन मध्य प्रदेश के दतिया और ग्वालियर से सामने आए ताजा मामले इन दावों की हकीकत दिखाते हैं, जहां महिलाओं के साथ बेरहमी से मारपीट की गई और इसके वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे हैं।
दतिया में बेटे से हुए विवाद का बदला लेने दबंग युवक रिंकू कुशवाहा अपने साथी के साथ भदौरिया की खिड़की इलाके में पहुंचा, लेकिन जब उसे युवक नहीं मिला तो गुस्से में उसने उसकी मां से झगड़ा शुरू कर दिया और देखते ही देखते लाठी से महिला की बेरहमी से पिटाई कर दी, बेटे की जगह मां को निशाना बनाए जाने की यह पूरी घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई, वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने पीड़ित महिला की शिकायत पर दो आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और आगे की कार्रवाई की जा रही है।
वहीं ग्वालियर के गोला का मंदिर थाना क्षेत्र के आदर्श नगर में घर के बाहर खड़ी एक महिला के साथ पहले कहासुनी हुई और फिर एक व्यक्ति ने डंडे से उसकी जमकर पिटाई कर दी, हमले में महिला के सिर में गंभीर चोट आई, परिजन उसे तत्काल अस्पताल लेकर पहुंचे जहां उसका इलाज जारी है, घटना का सीसीटीवी फुटेज सामने आने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और आरोपियों की पहचान कर कार्रवाई की तैयारी की जा रही है।

