लखनऊ। साल 2026 की पहली कैबिनेट बैठक के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर विकसित भारत–रोजगार व आजीविका गारंटी मिशन ग्रामीण यानी G-RAM-G की खूबियां गिनाईं। सीएम योगी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की यह योजना देश की आधारभूत इकाई यानी गांवों के विकास के लिए एक बड़ा और ऐतिहासिक कदम है, जिससे विकसित भारत की अवधारणा को मजबूती मिलेगी। उन्होंने कहा कि इस मिशन के तहत किसानों और मजदूरों के हितों को सुरक्षित किया गया है और मजदूरी भुगतान में होने वाले भ्रष्टाचार पर रोक लगेगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि G-RAM-G आने वाले समय में मील का पत्थर साबित होगा और गांव-गांव विकास की नई तस्वीर सामने आएगी। यूपी के गांवों में तेजी से विकास हो रहा है और यह योजना उसी की मजबूत कड़ी बनेगी। उन्होंने कहा कि पहले देश के संसाधनों पर डाका डाला गया, इसलिए कुछ लोग इस योजना का विरोध कर रहे हैं, लेकिन यह योजना विकसित भारत की आधारशिला बनेगी। इसके तहत श्रमिकों को 125 दिन रोजगार की गारंटी दी जा रही है, हफ्ते में मजदूरी का भुगतान किया जाएगा और अगर भुगतान में देरी होती है तो श्रमिकों को मुआवजा भी मिलेगा।
सीएम योगी ने इस दौरान विपक्ष पर जमकर निशाना साधते हुए कहा कि जिन लोगों ने वर्षों तक देश के संसाधनों को लूटा, गरीबों को भूखा रखा, पलायन और बेरोजगारी के लिए मजबूर किया, वही लोग आज इस कानून पर सवाल उठा रहे हैं। उन्होंने कहा कि किसानों, मजदूरों और गांवों के विकास से जुड़े इस ऐतिहासिक कदम का समर्थन करने के बजाय विपक्ष और INDI गठबंधन अपनी पुरानी भ्रष्ट परंपराओं को बचाने में लगा हुआ है।

