गया में गरजा योगी का दम, मैदान में उतरे महेंद्र यादव — बिहार की सियासत में आज दिखेगा दो ध्रुवों का टकराव

गयाजी। बिहार विधानसभा चुनाव के बीच आज गया जिले की सियासत पूरी तरह गर्म हो गई है। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ बुधवार को गया पहुंच रहे हैं, जहां वे वजीरगंज विधानसभा क्षेत्र के भिंडस मैदान में एनडीए प्रत्याशी वीरेंद्र सिंह के समर्थन में चुनावी जनसभा को संबोधित करेंगे। मंच से योगी जनता से सीधे संवाद करेंगे और एनडीए सरकार की योजनाओं को गिनाते हुए समर्थन की अपील करेंगे। बीजेपी ने इस सभा के लिए जोरदार तैयारियां की हैं और पूरा मैदान भगवा रंग में रंग चुका है। पार्टी का दावा है कि यहां 20 हजार से ज्यादा लोगों की भीड़ जुटेगी और वजीरगंज की धरती पर आज ऐतिहासिक नज़ारा देखने को मिलेगा।

सभा दोपहर तीन बजे शुरू होगी और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर प्रशासन ने पूरी तैयारी कर ली है। चारों ओर पुलिस बल की तैनाती की गई है, दंडाधिकारी और सीओ मौके पर मौजूद हैं। भीड़ नियंत्रण के लिए ड्रोन से निगरानी की जा रही है और सुरक्षा घेरा इस तरह बनाया गया है कि कोई भी स्थिति हाथ से न निकले। सभा खत्म होते ही मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ वाराणसी के लिए रवाना हो जाएंगे, जहां उनका अगला कार्यक्रम निर्धारित है।

भाजपा कार्यकर्ताओं में योगी के आगमन को लेकर जबरदस्त जोश है। सुबह से ही गांव-गांव से झंडा और बैनर लेकर समर्थक मैदान की ओर बढ़ रहे हैं। जगह-जगह महिलाओं और युवाओं के समूह “जय श्रीराम” और “मोदी-योगी जिंदाबाद” के नारे लगाते नज़र आ रहे हैं। जिले के भाजपा पदाधिकारियों का कहना है कि योगी की सख्त छवि और लोकप्रियता से माहौल पूरी तरह एनडीए के पक्ष में दिख रहा है।

इधर कांग्रेस ने भी आज के दिन के लिए अपनी तैयारी कर रखी है। हरियाणा के पूर्व मंत्री और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता महेंद्र यादव भी आज गया में मौजूद रहेंगे। दोपहर दो बजे वे प्रेस कॉन्फ्रेंस करेंगे और कांग्रेस की रणनीति व नीतियों पर बात रखेंगे। महेंद्र यादव, लालू प्रसाद यादव के समधी हैं और हरियाणा की राजनीति में लंबा अनुभव रखते हैं। वे तीन बार मंत्री और दो बार कांग्रेस के पिछड़ा वर्ग विभाग के राष्ट्रीय अध्यक्ष रह चुके हैं।

आज गया की सियासत दो ध्रुवों में बंटी हुई दिखेगी — एक तरफ योगी आदित्यनाथ का शक्ति प्रदर्शन और एनडीए का जनसैलाब, तो दूसरी तरफ कांग्रेस के महेंद्र यादव की राजनीतिक रणनीति और बयानबाज़ी। एक ओर भगवा लहर की गरज होगी, वहीं दूसरी ओर विपक्ष अपनी आवाज़ को बुलंद करने की कोशिश करेगा। अब देखना ये होगा कि जनता के दिल में किसकी बात ज्यादा असर छोड़ती है — योगी की गर्जना या महेंद्र यादव की राजनीतिक चाल।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *