योगी कैबिनेट की अहम बैठक आज, 27 प्रस्तावों पर लग सकती है मुहर, उच्च शिक्षा शिक्षकों को मिल सकती है कैशलेस इलाज सुविधा

लखनऊ। उत्तर प्रदेश में आज मुख्यमंत्री Yogi Adityanath की अध्यक्षता में कैबिनेट की एक अहम बैठक होने जा रही है। इस बैठक में विभिन्न विभागों से जुड़े करीब 27 प्रस्ताव पेश किए जाएंगे, जिन पर सरकार की मुहर लगने की संभावना है। बताया जा रहा है कि इन प्रस्तावों में आवास, स्टांप, औद्योगिक विकास, ऊर्जा, परिवहन और शिक्षा जैसे कई महत्वपूर्ण विभाग शामिल हैं।

सरकार इस बैठक में घूसखोरी और भ्रष्टाचार पर लगाम लगाने के लिए भी बड़ा कदम उठा सकती है। जानकारी के अनुसार राज्य कर्मचारियों से जुड़ा एक अहम प्रस्ताव रखा जाएगा, जिसके तहत यदि कोई कर्मचारी एक कैलेंडर वर्ष में छह महीने के मूल वेतन से अधिक राशि स्टॉक, शेयर या अन्य निवेश में लगाता है तो उसे इसकी जानकारी देना अनिवार्य होगा।

इसके अलावा मुख्यमंत्री शहरी विस्तारीकरण योजना के तहत कई शहरों को आर्थिक सहायता देने का प्रस्ताव भी बैठक में रखा जाएगा। इस योजना के अंतर्गत बरेली, वाराणसी, उरई, चित्रकूट, बांदा, प्रतापगढ़, गाजीपुर और मऊ जैसे शहरों को लगभग 800 करोड़ रुपये तक की राशि दी जा सकती है।

बैठक में खेलकूद विभाग की ओर से कानपुर के ग्रीनपार्क स्टेडियम को Uttar Pradesh Cricket Association को दिए जाने से संबंधित अनुज्ञा-अनुबंध में संशोधन का प्रस्ताव भी रखा जाएगा।

इसके साथ ही परिवहन विभाग, आवास एवं शहरी नियोजन विभाग, संसदीय कार्य विभाग, हथकरघा उद्योग, दुग्ध विकास विभाग, उच्च शिक्षा विभाग, भू-तत्व एवं खनकर्म विभाग, सिंचाई एवं जल संसाधन विभाग, गृह, वित्त और ऊर्जा विभाग से जुड़े कई महत्वपूर्ण प्रस्तावों को भी मंजूरी मिलने की संभावना जताई जा रही है। कैबिनेट बैठक के बाद सरकार की कई नई नीतियों और फैसलों का रास्ता साफ हो सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *