योगी की पाती… सीएम ने बच्चों के नाम लिखा पत्र, मोबाइल की लत और चाइनीज मांझे को लेकर दी समझाइश, परीक्षाओं के लिए दिया सफलता का मंत्र

लखनऊ. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बच्चों के नाम एक भावनात्मक पत्र लिखकर उन्हें आगामी परीक्षाओं के लिए शुभकामनाएं दी हैं और साथ ही मोबाइल की लत तथा चाइनीज मांझे के खतरों से दूर रहने की समझाइश दी है। उन्होंने बच्चों से कहा है कि अपने प्रयास और अनुशासन में कोई कमी न रखें, नकारात्मक विचारों से दूर रहें और सीखने की ललक व परिश्रम को सबसे बड़ी ताकत बनाएं।

योगी ने अपने संदेश में लिखा कि प्यारे बच्चों, आपकी सुरक्षा, अच्छा स्वास्थ्य और सफलता सरकार की प्राथमिकता है और इसी भावना के साथ वे तीन जरूरी बातें आपसे साझा कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि पतंग उड़ाना सबको अच्छा लगता है, लेकिन चाइनीज मांझा बेहद खतरनाक है और इसका इस्तेमाल कानूनन अपराध है, पूरे प्रदेश में इसकी बिक्री, भंडारण और उपयोग पर पूरी तरह प्रतिबंध है, इसलिए बच्चे खुद इससे दूर रहें और अपने दोस्तों को भी जागरूक करें, अगर कहीं इसकी बिक्री होती दिखे तो परिजनों की मदद से पुलिस को सूचना दें।

मुख्यमंत्री ने मोबाइल की लत को लेकर कहा कि मोबाइल बच्चों का कीमती समय चुरा लेता है, एक गेम या वीडियो देखते-देखते कई घंटे निकल जाते हैं, इससे आंखों पर असर पड़ता है और पढ़ाई में बाधा आती है, इसलिए मोबाइल का सीमित उपयोग करें, किताबों से दोस्ती करें, खेलकूद में हिस्सा लें और परिवार के साथ समय बिताएं।

सीएम योगी ने बच्चों को परीक्षा के लिए प्रेरित करते हुए कहा कि बोर्ड परीक्षाएं नजदीक हैं और पूरे साल की मेहनत का समय अब सामने है, इसलिए आत्मविश्वास के साथ परीक्षा कक्ष में जाएं, प्रश्नपत्र ध्यान से पढ़ें और बिना घबराए सहजता से उत्तर लिखें। उन्होंने श्रीमद्भगवद्‌गीता का संदेश दोहराते हुए कहा कि कर्म पर ही मनुष्य का अधिकार है, फल की चिंता किए बिना मेहनत करें, क्योंकि सीखने की ललक और परिश्रम ही सफलता की सबसे बड़ी कुंजी है, और अंत में सभी विद्यार्थियों को दिल से शुभकामनाएं दीं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *