खेसारी लाल यादव का पलटवार – योगी के ‘जंगलराज’ बयान पर भड़के, कहा पहले छपरा आकर देख लें!

Bihar Elections 2025: बिहार विधानसभा चुनाव के पहले चरण के प्रचार का आज आखिरी दिन है, और इस वक्त हर पार्टी अपनी पूरी ताकत झोंक चुकी है। लेकिन आज चर्चा का सबसे बड़ा मुद्दा बना खेसारी लाल यादव का बयान, जिन्होंने योगी आदित्यनाथ के “जंगलराज” वाले बयान पर करारा पलटवार किया है। छपरा विधानसभा सीट से आरजेडी उम्मीदवार और भोजपुरी स्टार खेसारी लाल यादव ने एनडीए को चुनौती दी है कि वे बार-बार जंगलराज का नाम लेने के बजाय यह बताएं कि उन्होंने बिहार के लिए किया क्या है।

खेसारी ने एएनआई से बात करते हुए तीखे लहजे में कहा — “योगी आदित्यनाथ किसी के मुंह से सुन लिए होंगे कि बिहार में जंगलराज है, क्योंकि वे तो यहां रहे नहीं हैं। उन्हें एक बार छपरा आकर यहां के व्यापारियों का दर्द देखना चाहिए, तब उन्हें समझ आएगा कि बिहार के लोग क्यों बदलाव चाहते हैं।”

खेसारी का यह बयान सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया है, और उनके समर्थक इसे जनता की आवाज बता रहे हैं। वे लगातार रोड शो और रैलियों के जरिए मतदाताओं से जुड़ रहे हैं, और उनकी रैलियों में जबरदस्त भीड़ उमड़ रही है।

खेसारी के समर्थन में रविवार को यूपी के पूर्व मुख्यमंत्री और समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव भी छपरा पहुंचे थे। उन्होंने जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि “जब राजनीति पर संकट के बादल मंडराने लगते हैं, तब बिहार हमेशा उद्धारक की भूमिका निभाता है।” अखिलेश ने कहा कि “तेजस्वी यादव के नेतृत्व में बनने वाली नई सरकार बिहार में पलायन रोकेगी, और बीजेपी को यहां से पलायन करने पर मजबूर कर देगी।”

अखिलेश यादव ने भरोसा जताया कि इस बार बिहार में इंडिया गठबंधन की सरकार बनेगी और आने वाले 2027 के यूपी चुनावों में समाजवादी पार्टी जीत दर्ज करेगी। उन्होंने कहा — “तेजस्वी बिहार में सड़कें बनाएंगे, हम यूपी में सड़कें बनाएंगे और दोनों राज्य मिलकर नई राजनीति का रास्ता तैयार करेंगे।”

फिलहाल बिहार की सियासत में खेसारी लाल यादव का यह बयान नया रंग भर गया है। जनता अब यह देखने को बेताब है कि क्या छपरा की धरती से एक अभिनेता नेता बनकर बिहार की राजनीति में नया अध्याय लिख पाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *