यूथ कांग्रेस के प्रदेश महासचिव पर दुष्कर्म का गंभीर आरोप, युवती की शिकायत पर पुलिस ने किया गिरफ्तार

जबलपुर। मध्य प्रदेश के जबलपुर से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां यूथ कांग्रेस के प्रदेश महासचिव पर एक युवती ने दुष्कर्म का आरोप लगाया है। युवती की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।

जानकारी के मुताबिक पीड़िता ने लार्डगंज थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। युवती का आरोप है कि वर्ष 2020 में उसकी पहचान ऋषभ मिश्रा से हुई थी। पहचान के बाद दोनों के बीच बातचीत बढ़ी और धीरे-धीरे संबंध बन गए। पीड़िता का कहना है कि आरोपी ने शादी का झांसा देकर कई बार उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए और गोवा ले जाकर भी उसके साथ दुष्कर्म किया। युवती ने यह भी आरोप लगाया है कि आरोपी ने उसे जान से मारने की धमकी दी थी।

पीड़िता की शिकायत के आधार पर पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए मंगलवार रात आरोपी ऋषभ मिश्रा को गिरफ्तार कर लिया। बताया जा रहा है कि आरोपी कांग्रेस नेता द्वारका मिश्रा का बेटा है।

मामले को लेकर एएसपी सूर्यकांत शर्मा ने बताया कि पीड़िता की शिकायत पर लार्डगंज थाने में दुष्कर्म का मामला दर्ज किया गया है। जांच में सामने आया है कि आरोपी ने शादी का वादा कर युवती के साथ संबंध बनाए थे, लेकिन बाद में उसकी शादी कहीं और तय हो गई और उसने पीड़िता से शादी करने से इनकार कर दिया। इसके बाद युवती ने थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई।

एएसपी ने यह भी बताया कि आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया की जा रही है। वहीं आरोपी के राजनीतिक संबंधों को लेकर पूछे गए सवाल पर एएसपी ने कहा कि फिलहाल इस तरह की कोई आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है और पुलिस मामले की निष्पक्ष जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *