सागर। मध्य प्रदेश के सागर जिले के कैंट थाना क्षेत्र में गढ़पहरा रोड पर एक युवक की बेरहमी से हत्या का मामला सामने आया है। अज्ञात आरोपियों ने पत्थरों से सिर कुचलकर युवक को मौत के घाट उतार दिया और शव को खेत में फेंक दिया। गुरुवार सुबह स्थानीय लोगों ने सदर के पास एक खेत में शव पड़ा देखा तो तुरंत पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद इलाके में सनसनी फैल गई।
मौके पर पहुंची पुलिस को घटनास्थल पर खून से सने पत्थर मिले हैं। आशंका जताई जा रही है कि इन्हीं पत्थरों से युवक का सिर कुचलकर हत्या की गई। मृतक के सिर और चेहरे पर गंभीर चोटों के निशान पाए गए हैं। पुलिस ने पंचनामा कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया।
प्रारंभिक जांच में मृतक की पहचान मनोज अहिरवार, उम्र लगभग 35 वर्ष, निवासी भैंसा के रूप में हुई है। पुलिस को आशंका है कि पहचान छिपाने की नीयत से चेहरे को बुरी तरह क्षतिग्रस्त किया गया। घटनास्थल पर एफएसएल टीम ने पहुंचकर महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए हैं।
एएसपी लोकेश सिन्हा ने बताया कि हत्या का मामला दर्ज कर लिया गया है और सभी पहलुओं से जांच की जा रही है। मृतक के साथ आखिरी बार देखे गए लोगों से पूछताछ की जा रही है। फिलहाल हत्या के पीछे की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है, लेकिन पुलिस ने जल्द आरोपियों को गिरफ्तार करने का भरोसा दिलाया है।

