सीधी। मध्य प्रदेश के सीधी जिले की लीला साहू की वर्षों पुरानी सड़क की मांग आखिरकार पूरी हो गई है और सड़क निर्माण का काम शुरू होते ही गांव में खुशी का माहौल बन गया है।
यूट्यूबर और सोशल मीडिया इन्फ्लूएंसर लीला साहू ने ग्रामीणों के साथ खुशी जताते हुए प्रदेश के मुखिया स्थानीय सांसद और मीडिया का आभार व्यक्त किया है और सोशल मीडिया पर वीडियो साझा कर इस खुशी को सबके साथ मनाया है।
जिला मुख्यालय से करीब चालीस किलोमीटर दूर ग्राम खड्डी से बैगहा टोला तक जाने वाला करीब दस किलोमीटर का रास्ता लंबे समय से बदहाल था और बरसात के दिनों में यहां से गुजरना ग्रामीणों के लिए किसी परीक्षा से कम नहीं होता था।
लीला साहू ने इसी जर्जर सड़क की हालत को बार बार सामने लाकर लोगों का ध्यान खींचा था और प्रधानमंत्री से लेकर सड़क परिवहन मंत्री तक गुहार लगाते हुए सड़क निर्माण की मांग उठाई थी और कई बार सिस्टम की अनदेखी पर नाराजगी भी जाहिर की थी।
बारिश के मौसम में गर्भवती महिलाओं को अस्पताल पहुंचाने तक में भारी मुश्किलें आती थीं और गांव का मुख्य रास्ता लोगों के लिए रोज की परेशानी बन चुका था लेकिन सोशल मीडिया की ताकत और लीला साहू के हौसले ने आखिरकार इस मुद्दे को मंजिल तक पहुंचा दिया।
अब सड़क का सपना साकार होता देख गांव में उम्मीद और भरोसे का माहौल है और ग्रामीणों का कहना है कि इस पक्की सड़क से अब शिक्षा स्वास्थ्य और रोजमर्रा की जिंदगी पहले से कहीं आसान हो जाएगी।

