सतना। मध्यप्रदेश के सतना जिले से स्कूल व्यवस्था को लेकर हैरान करने वाला मामला सामने आया है। जिस उम्र में बच्चों के हाथों में किताबें और कॉपियां होनी चाहिए थीं, उसी उम्र में उनके हाथों में फावड़ा और तगाड़ी नजर आई। स्कूल में बच्चों से गिट्टी उठवाने का वीडियो सामने आने के बाद शिक्षा विभाग में हड़कंप मच गया है।
पूरा मामला सतना के रामपुर बघेलान ब्लॉक के शासकीय विद्यालय त्योंधरा क्रमांक-1 का बताया जा रहा है। आरोप है कि स्कूल पहुंचे छात्रों से सड़क पर पड़ी गिट्टी को फावड़े से उठवाकर एक जगह से दूसरी जगह ढुलवाया गया।
इस पूरी घटना का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें कई स्कूली बच्चे फावड़े से गिट्टी उठाते और उसे दूसरी जगह ले जाते दिखाई दे रहे हैं। वीडियो स्कूल परिसर या उसके आसपास का बताया जा रहा है।
बताया जा रहा है कि यह वीडियो करीब दो दिन पुराना है, लेकिन बुधवार को सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मामला सामने आया। वीडियो वायरल होते ही शिक्षा विभाग के अधिकारियों में भी हड़कंप मच गया।
अब सबसे बड़ा सवाल यह है कि आखिर स्कूल में बच्चों से इस तरह का काम किसके निर्देश पर कराया गया और जिम्मेदार कौन है। बच्चों की पढ़ाई के बजाय उनसे मजदूरी जैसा काम कराने के आरोप ने स्कूल प्रबंधन की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
मामले का वीडियो सामने आने के बाद अब शिक्षा विभाग की जांच और कार्रवाई पर सभी की नजर है। जांच के बाद ही यह स्पष्ट हो पाएगा कि बच्चों से गिट्टी उठवाने की घटना किन परिस्थितियों में हुई और इसके लिए जिम्मेदार लोगों पर क्या कार्रवाई की जाती है।

