बुरहानपुर। मध्य प्रदेश के बुरहानपुर जिले के ग्राम बिरोदा से किसानों की गाढ़ी कमाई से जुड़े एक बड़े घोटाले का मामला सामने आया है। बिरोदा की प्राथमिक सेवा सहकारी समिति में करीब 85 लाख रुपये के कथित गबन का सनसनीखेज खुलासा हुआ है। आरोप है कि पूर्व समिति प्रबंधक ने किसानों के खातों में जमा राशि को धीरे-धीरे निकालकर भारी अनियमितता की।
जानकारी के मुताबिक वर्ष 2022-23 से 2024-25 के बीच किसानों की जमा बचत राशि में गड़बड़ी की गई। बताया जा रहा है कि तत्कालीन समिति प्रबंधक संतोष महाजन ने खातों से करीब 85 लाख रुपये निकाल लिए। यह मामला तब उजागर हुआ जब नवंबर 2025 में नए समिति प्रबंधक ने पदभार संभालने के बाद रिकॉर्ड का ऑडिट कराया। ऑडिट रिपोर्ट में सामने आया कि वर्षों से किसानों की जमा रकम में हेरफेर की जा रही थी।
मामला सामने आते ही क्षेत्र में हड़कंप मच गया है। सबसे बड़ा सवाल यह उठ रहा है कि इतने बड़े गबन की भनक आखिर वरिष्ठ अधिकारियों को क्यों नहीं लगी। सूत्रों के अनुसार पिछले करीब 20 दिनों से पूर्व प्रबंधक शाखा में अनुपस्थित हैं और अधिकारियों के फोन का जवाब भी नहीं दे रहे। नए समिति प्रबंधक का कहना है कि रिकॉर्ड की जांच में 85 लाख रुपये की अनियमितता सामने आई है और इसकी सूचना उच्च अधिकारियों को दे दी गई है, साथ ही जांच दल गठित करने की बात कही गई है।
वहीं कृषि विकास शाखा के वरिष्ठ प्रबंधक का कहना है कि गबन की राशि 40 से 50 लाख रुपये के बीच हो सकती है और जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट होगी। उन्होंने यह भी कहा है कि यदि वसूली नहीं होती है तो संबंधित के खिलाफ एफआईआर दर्ज की जाएगी। अब सभी की नजर इस बात पर टिकी है कि क्या दोषियों पर सख्त कार्रवाई होगी या फिर जांच के नाम पर इस पूरे मामले को ठंडे बस्ते में डाल दिया जाएगा।

