ईरान और इजराइल के बीच जारी भीषण टकराव के बीच बड़ा घटनाक्रम सामने आया है। रिपोर्ट्स के मुताबिक अमेरिका-इजराइल के हमले में ईरान के सर्वोच्च नेता अयातुल्ला अली खामेनेई की मौत हो गई है। बताया जा रहा है कि उनके ऑफिस कॉम्प्लेक्स पर कई मिसाइलें दागी गईं, जिसमें उनके परिवार के सदस्य और कई कमांडर भी मारे गए। इस घटना के बाद ईरान में जबरदस्त आक्रोश है और जवाबी कार्रवाई तेज कर दी गई है।
ईरान ने अमेरिका के सैन्य ठिकानों और इजराइल पर हमले तेज कर दिए हैं। खाड़ी देशों में स्थित अमेरिकी बेस को निशाना बनाए जाने की खबरें सामने आ रही हैं। बहरीन में सायरन बजने की सूचना है, जहां अमेरिकी नौसेना का पांचवां बेड़ा तैनात है। वहीं दुबई और अबू धाबी की उड़ानों पर भी असर पड़ा है। एतिहाद एयरवेज़ ने सुरक्षा कारणों से कुछ समय के लिए उड़ानें निलंबित करने की घोषणा की है।
इस बीच अमेरिकी राष्ट्रपति Donald Trump ने बड़ा बयान देते हुए कहा है कि वे ईरान पर अब तक का सबसे बड़ा हमला करने जा रहे हैं और बेहतर होगा कि ईरान अपने हमले रोक दे। उनके इस बयान के बाद अंतरराष्ट्रीय स्तर पर तनाव और बढ़ गया है।
भारत के विदेश मंत्रालय ने भी एहतियात बरतते हुए भारत में मौजूद विदेशी नागरिकों के लिए एडवाइजरी जारी की है और जिन लोगों की यात्रा प्रभावित हुई है, उन्हें नजदीकी FRRO कार्यालय से संपर्क करने की सलाह दी है।
खामेनेई की मौत की खबर के बाद ईरान और इराक में शोक की लहर है। कर्बला और बगदाद समेत कई शहरों में लोग सड़कों पर उतर आए हैं, मस्जिदों में भीड़ उमड़ पड़ी है और मातम मनाया जा रहा है। ईरानी मीडिया की तस्वीरों में अलग-अलग शहरों में शोक जुलूस और अमेरिका-इजराइल के खिलाफ नारेबाजी देखी जा रही है। हालात बेहद संवेदनशील बने हुए हैं और पूरी दुनिया की नजरें अब इस संघर्ष पर टिकी हैं।

