हार के बाद ममता का बड़ा बयान, इस्तीफा देने से इनकार, चुनाव आयोग और बीजेपी पर लगाए गंभीर आरोप

पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में हार के बाद ममता बनर्जी ने साफ कर दिया है कि वह इस्तीफा नहीं देंगी, प्रेस कॉन्फ्रेंस में उन्होंने कहा कि उनकी पार्टी चुनाव हारी नहीं बल्कि हराई गई है और इसके लिए उन्होंने चुनाव आयोग और बीजेपी पर सीधे आरोप लगाए।

ममता बनर्जी ने कहा कि इस पूरी प्रक्रिया में मुख्य चुनाव आयुक्त की भूमिका संदिग्ध रही और उन्होंने उन्हें इस हार के लिए जिम्मेदार ठहराया, साथ ही बीजेपी पर वोट चोरी करने का आरोप भी लगाया, उन्होंने दावा किया कि करीब 100 वोटों में गड़बड़ी की गई।

प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान ममता बनर्जी ने यह भी आरोप लगाया कि काउंटिंग सेंटर के अंदर उनके साथ धक्का-मुक्की और बदसलूकी की गई, उन्होंने कहा कि सीआरपीएफ के जवानों ने उनके पेट और पीठ पर लात मारी और उन्हें जबरन बाहर निकाला गया, जिसे उन्होंने लोकतंत्र पर हमला बताया।

उन्होंने चुनाव आयोग पर पक्षपातपूर्ण रवैया अपनाने का आरोप लगाते हुए कहा कि यह पूरी प्रक्रिया “प्रजातंत्र की हत्या” के समान है, ममता ने यह भी कहा कि चुनाव से पहले उनके समर्थकों को गिरफ्तार किया गया, छापेमारी की गई और प्रशासनिक अधिकारियों के तबादले किए गए, जिससे चुनाव प्रभावित हुआ।

इस्तीफे के सवाल पर ममता ने दो टूक कहा कि वह राजभवन नहीं जाएंगी और न ही पद छोड़ेंगी, उन्होंने कहा कि वह सड़कों पर थीं और आगे भी सड़कों पर रहकर संघर्ष जारी रखेंगी।

आगे की रणनीति पर बात करते हुए ममता बनर्जी ने एक फाइंडिंग कमेटी बनाने की घोषणा की और कहा कि अब वह एक आम नागरिक की तरह INDIA गठबंधन को मजबूत करने का काम करेंगी, उन्होंने कहा कि अब उनके पास कोई पद नहीं है इसलिए वह स्वतंत्र होकर अपने तरीके से काम करेंगी।

ममता बनर्जी ने भरोसा जताया कि उनकी पार्टी फिर वापसी करेगी, उन्होंने कहा कि यह लड़ाई केवल बीजेपी से नहीं बल्कि पूरे सिस्टम से थी, लेकिन वह और उनके समर्थक हार मानने वाले नहीं हैं और आने वाले समय में बाउंस बैक जरूर करेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *