सीएम डॉ. मोहन यादव ने पूर्व विधायक राजकुमार सिंह से की मुलाकात, कृषि कैबिनेट और ईरान संकट पर दिया बयान

भोपाल। मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने भोपाल स्थित अस्पताल में भाजपा के पूर्व विधायक राव राजकुमार सिंह यादव से मुलाकात कर उनका हालचाल जाना। ईदगाह हिल्स स्थित जवाहर लाल नेहरू कैंसर हॉस्पिटल पहुंचे मुख्यमंत्री ने उनके स्वास्थ्य की जानकारी ली और बाबा महाकाल से उनके शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना की। राव राजकुमार सिंह कैंसर से जूझ रहे हैं और उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है।

अस्पताल से बाहर आने के बाद मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों को होली की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि होली का यह पर्व सभी के जीवन में खुशियां और समृद्धि लेकर आए, लेकिन साथ ही यह परीक्षा का समय भी है, इसलिए विद्यार्थियों और अभिभावकों को सावधानी बरतने की जरूरत है। उन्होंने सभी से अपील की कि त्योहार का आनंद लें, लेकिन सुरक्षा और जिम्मेदारी का भी ध्यान रखें।

मुख्यमंत्री ने बड़वानी में आयोजित कृषि कैबिनेट बैठक का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि किसान कल्याण के लिए महत्वपूर्ण फैसले लिए जाएंगे और कई योजनाएं पहले से संचालित की जा रही हैं। भावांतर योजना में सरसों को शामिल करने और किसानों को 600 रुपये बोनस देने का निर्णय भी बताया। उन्होंने कहा कि सरकार किसानों के हित में लगातार काम कर रही है।

ईरान और इजरायल के बीच चल रहे तनावपूर्ण हालात पर भी मुख्यमंत्री ने प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि विदेशों में फंसे भारतीय नागरिकों की सुरक्षा को लेकर केंद्र सरकार लगातार समन्वय कर रही है। नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं ताकि किसी भी भारतीय को परेशानी न हो। मुख्यमंत्री ने बताया कि उनकी कई परिवारों से बातचीत हुई है और सभी की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *