खंडवा से किसानों के लिए बड़ी सौगात! सीएम डॉ. मोहन यादव ने 82.70 लाख किसानों के खातों में भेजे 3,300 करोड़ रुपये

खंडवा में आयोजित बलराम कृषि महोत्सव के मंच से मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने प्रदेश के किसानों के लिए बड़ी सौगात का ऐलान किया। मुख्यमंत्री ने मुख्यमंत्री किसान कल्याण योजना के तहत प्रदेश के 82 लाख 70 हजार से अधिक किसानों के बैंक खातों में सिंगल क्लिक के जरिए 3,300 करोड़ रुपये से अधिक की राशि ट्रांसफर की। इस अवसर पर प्रत्येक पात्र किसान को वर्ष 2025-26 की तीसरी और वर्ष 2026-27 की पहली किस्त के रूप में 4-4 हजार रुपये प्राप्त हुए।

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने किसानों, मेधावी विद्यार्थियों और कृषि क्षेत्र में नवाचार करने वाले लोगों को सम्मानित किया। साथ ही खंडवा में नई पुलिस बटालियन स्थापित करने की घोषणा भी की। उन्होंने यह भी कहा कि लंबे समय से प्रतीक्षित खंडवा-मूंदी मार्ग के लिए 15 सितंबर से पहले टेंडर जारी कर दिया जाएगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र और राज्य सरकार लगातार किसान हित में फैसले ले रही हैं। उन्होंने कहा कि किसान अपनी मेहनत से देश का पेट भरते हैं और सरकार उनके सम्मान और समृद्धि के लिए प्रतिबद्ध है।

सीएम डॉ. यादव ने कहा कि वर्ष 2026 को ‘कृषक कल्याण वर्ष’ के रूप में मनाया जा रहा है और इसी के तहत पूरे प्रदेश में बलराम महोत्सव आयोजित किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि भगवान बलराम कृषि परंपरा के प्रतीक हैं और किसानों को आधुनिक तकनीक से जोड़ना सरकार की प्राथमिकता है।

मुख्यमंत्री ने प्रदेश में बढ़ती सिंचाई क्षमता का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि पहले जहां सिंचाई का रकबा सीमित था, वहीं अब यह बढ़कर 65 लाख हेक्टेयर तक पहुंच चुका है। उन्होंने बताया कि सरकार प्राकृतिक खेती, ड्रोन तकनीक, बेहतर सड़क, बिजली और पानी जैसी सुविधाओं के जरिए कृषि क्षेत्र को मजबूत बना रही है।

उन्होंने यह भी घोषणा की कि बारिश का मौसम समाप्त होने के बाद किसानों को दिन में सिंचाई के लिए बिजली उपलब्ध कराने की दिशा में काम किया जा रहा है। इसके साथ ही प्रदेश में दूध उत्पादन को बढ़ावा देने के लिए विशेष प्रयास किए जा रहे हैं और इसे 20 प्रतिशत तक बढ़ाने का लक्ष्य रखा गया है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि अगले महीने से प्रदेश में सरकारी रोडवेज बस सेवा भी शुरू की जाएगी, जिससे आम नागरिकों और ग्रामीण क्षेत्रों को बड़ी सुविधा मिलेगी। उन्होंने लाड़ली बहना योजना, एयर एंबुलेंस सेवा और धार्मिक स्थलों के विकास कार्यों का भी जिक्र किया।

अपने संबोधन के दौरान मुख्यमंत्री ने समान नागरिक संहिता यानी यूसीसी का उल्लेख करते हुए कहा कि प्रदेश में एक समान कानून लागू करने की दिशा में कदम बढ़ाए गए हैं। उन्होंने दावा किया कि इस संबंध में हुए सर्वे में बड़ी संख्या में लोगों ने समर्थन दिया है।

बलराम कृषि महोत्सव के इस आयोजन ने एक बार फिर किसानों को केंद्र में ला खड़ा किया है। अब प्रदेश के लाखों किसानों को उम्मीद है कि सरकार की ये घोषणाएं आने वाले समय में उनकी आय और जीवन स्तर को बेहतर बनाने में मददगार साबित होंगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *