कुल्हाड़ी से लिखी खूनी कहानी, बेटे ने मां-बाप, बहन और दादी को उतारा मौत के घाट

उत्तर प्रदेश के रुपईडीहा थाना क्षेत्र के रामनगर गांव से दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है, जहां एक युवक ने संपत्ति विवाद में अपने ही परिवार को खत्म कर दिया। मामूली कहासुनी से शुरू हुआ झगड़ा देखते ही देखते खौफनाक हत्याकांड में बदल गया।

बताया जा रहा है कि युवक का परिवार के सदस्यों से संपत्ति को लेकर विवाद चल रहा था। इसी दौरान घर के लोगों ने उसे खरी-खोटी सुना दी, जिससे वह गुस्से से बेकाबू हो गया। गुस्से में उसने कुल्हाड़ी उठाई और एक-एक कर अपनी मां, पिता, बहन और दादी पर हमला कर दिया। हमला इतना बेरहम था कि चारों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।

चीख-पुकार सुनकर जब उसका बड़ा भाई मौके पर पहुंचा और विरोध किया तो दोनों भाइयों के बीच हाथापाई शुरू हो गई। इसी दौरान आरोपी ने बड़े भाई पर भी कुल्हाड़ी से वार कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया।

घटना के बाद गांव में सनसनी फैल गई। स्थानीय लोगों ने घायल को अस्पताल पहुंचाया और पुलिस को सूचना दी। पुलिस टीम मौके पर पहुंची, शवों का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेजा और घटनास्थल से सबूत जुटाए। मृतकों की पहचान बदलूराम 62 वर्ष, संजू देवी 60 वर्ष, पार्वती 35 वर्ष और शीतला देवी 82 वर्ष के रूप में हुई है।

फिलहाल पुलिस मामले की गहन जांच में जुटी है और इस खौफनाक वारदात ने पूरे इलाके को दहला कर रख दिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *