इंदौर। मध्यप्रदेश के इंदौर के पास महू में एक बड़ा सड़क हादसा सामने आया है, जहां सेना के एक मेजर की तेज रफ्तार कार ने एक के बाद एक पांच वाहनों को टक्कर मार दी। इस हादसे में चार लोग घायल हो गए और मौके पर अफरा-तफरी मच गई। घटना के बाद गुस्साई भीड़ ने कार चालक को घेर लिया और जमकर पिटाई कर दी, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
हादसा किशनगंज ब्रिज के पास हुआ। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक कार बेहद तेज गति से आ रही थी और चालक ने लापरवाही से बाइक सवारों और अन्य वाहनों को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कुछ बाइकें सड़क पर दूर तक घिसटती चली गईं। घायल चार लोगों को स्थानीय लोगों की मदद से तुरंत महू के सिविल अस्पताल पहुंचाया गया।
हादसे के बाद मौके पर मौजूद लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। वायरल वीडियो में देखा जा सकता है कि एक महिला सरेआम चप्पलों से चालक की पिटाई कर रही है, जबकि अन्य लोग भी उसे घेरकर मारते नजर आ रहे हैं। चालक ने खुद को आर्मी मेजर बताया है।
मामले की सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और चालक को हिरासत में ले लिया। इस हादसे के कारण इंदौर-महू मार्ग पर लंबा जाम लग गया और कई घंटों तक यातायात प्रभावित रहा। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है।

