उज्जैन। धार्मिक नगरी उज्जैन के श्री महाकालेश्वर मंदिर क्षेत्र में एक विवाद का मामला सामने आया है, जहां एक युवक द्वारा महिला को थप्पड़ मारने की घटना ने सनसनी फैला दी है। इस पूरी घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसके बाद कई सवाल खड़े हो गए हैं।
जानकारी के मुताबिक महाकाल मंदिर क्षेत्र के कोट मोहल्ला चौराहे पर किसी बात को लेकर कहासुनी हुई। विवाद बढ़ते-बढ़ते इतना बढ़ गया कि युवक ने परिवार की ही एक महिला को सरेआम थप्पड़ जड़ दिया। मौके पर मौजूद किसी व्यक्ति ने इस घटना को अपने मोबाइल में रिकॉर्ड कर लिया, जो अब इंटरनेट पर तेजी से फैल रहा है।
वायरल वीडियो में बहस और मारपीट की स्थिति साफ दिखाई दे रही है, साथ ही आसपास लोगों की भीड़ भी नजर आ रही है। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस ने वीडियो को संज्ञान में लिया और मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि वायरल वीडियो की सत्यता की जांच की जा रही है और तथ्यों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

