कांग्रेस नेता के फार्म हाउस में अवैध शराब फैक्ट्री का भंडाफोड़, हरियाणा से एक आरोपी गिरफ्तार, कई बड़े नाम फरार

ग्वालियर। ग्वालियर में अवैध शराब फैक्ट्री के बड़े मामले में आबकारी विभाग को बड़ी सफलता मिली है। हरियाणा के कांग्रेस नेता के साथ फार्म हाउस पर अवैध शराब फैक्ट्री लगाने वाले अमित कुमार को हरियाणा से गिरफ्तार कर लिया गया है। इस पूरे मामले में रणदीप मलिक और ग्वालियर के भाजपा नेता सुरेंद्र तोमर अब भी फरार बताए जा रहे हैं। इनके अलावा मंजेश कंजर और राज हुड्डा के नाम भी आरोपियों में शामिल हैं। गिरफ्तार अमित कुमार से पूछताछ के बाद उसे जेल भेज दिया गया है।

दरअसल 26 अक्टूबर को आबकारी विभाग की टीम ने घाटीगांव क्षेत्र में सुरेंद्र तोमर के फार्म हाउस पर छापा मारकर अवैध शराब की बड़ी फैक्ट्री का खुलासा किया था। कार्रवाई के दौरान 36 ड्रम, 313 केन में 22 हजार 850 लीटर स्प्रिट, 220 पेटी विदेशी मदिरा व्हिस्की, शराब बनाने की मशीनें, होलोग्राम, 40 हजार वारदाना और 7 लाख रुपए नकद बरामद किए गए थे। बरामद मशीनों और शराब की कीमत करीब 7 करोड़ रुपए आंकी गई थी। मौके से चार मजदूरों समेत हरियाणा के सुमित जाट, सुनीता जाट, प्रतीम जाट, दीपक जाट और अंबाह निवासी मोहित उर्फ मोनू तोमर को उसी दिन गिरफ्तार कर लिया गया था।

मुख्य साजिशकर्ता बताए जा रहे हरियाणा के सोनीपत निवासी रणदीप मलिक उर्फ करण शर्मा पर अंतरराज्यीय तस्करी समेत करीब 15 मामले दर्ज हैं। बताया जा रहा है कि अमित कुमार पिछले 15 साल से शराब तस्करी में सक्रिय था और वर्ष 2020 में उसकी मुलाकात रणदीप मलिक से हुई थी, जिसके बाद यह नेटवर्क और मजबूत हुआ।

आबकारी टीम को जब दो दिन पहले अमित कुमार की लोकेशन हरियाणा में मिली तो टीम ने लगातार दबिश देकर उसे गिरफ्तार किया और ग्वालियर ले आई। फिलहाल पुलिस और आबकारी विभाग फरार चल रहे रणदीप मलिक, सुरेंद्र तोमर, राज हुड्डा और मंजेश कंजर की तलाश में जुटे हैं और इस पूरे नेटवर्क की कड़ियां खंगाली जा रही हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *