शादी के कुछ दिन बाद दुल्हन हुई फरार! पन्ना में ‘लुटेरी दुल्हन गैंग’ का भंडाफोड़, मास्टरमाइंड समेत 4 गिरफ्तार

पन्ना। मध्य प्रदेश के पन्ना जिले में शादी के नाम पर लोगों को ठगी का शिकार बनाने वाले एक कथित ‘लुटेरी दुल्हन गैंग’ का पुलिस ने पर्दाफाश किया है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए कथित मास्टरमाइंड दुल्हन समेत चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि गिरोह का एक अन्य सदस्य अभी फरार बताया जा रहा है, जिसकी तलाश जारी है।

पुलिस के अनुसार, अमानगंज थाना क्षेत्र के महेबा गांव निवासी सुरेंद्र सिंह राजपूत से शादी कराने के नाम पर करीब एक लाख रुपये लिए गए। आरोप है कि शादी के कुछ ही दिनों बाद दुल्हन अचानक फरार हो गई। पीड़ित की शिकायत के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू की।

जांच के दौरान पुलिस ने नागपुर निवासी कथित फर्जी दुल्हन माधुरी थोबानी और तीन बिचौलियों हक्के यादव, अनिल यादव तथा करण सिंह को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से ठगी में इस्तेमाल की गई एक रेनॉल्ट ट्राइबर कार, तीन मोबाइल फोन, नकदी सहित करीब 5.25 लाख रुपये की संपत्ति जब्त की है।

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक वंदना सिंह चौहान के मुताबिक, गिरफ्तार चारों आरोपियों को अदालत में पेश कर दिया गया है। वहीं, फरार आरोपी की तलाश जारी है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि इस गिरोह ने क्षेत्र या अन्य जगहों पर इसी तरह की कितनी वारदातों को अंजाम दिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *