खजुराहो। पूरे देश में रंगों का त्योहार होली धूमधाम से मनाया जा रहा है और इस बार इसका खुमार सिर्फ भारतीयों तक सीमित नहीं रहा। मध्यप्रदेश की पर्यटन नगरी Khajuraho में विदेशी पर्यटक भी देसी रंग में पूरी तरह रंगे नजर आए।
सुबह से ही शहर में उत्सव का माहौल था। खासकर Western Group of Monuments के मुख्य द्वार के पास विदेशी सैलानियों ने स्थानीय लोगों के साथ जमकर होली खेली। हवा में उड़ता गुलाल, चेहरे पर मुस्कान और बॉलीवुड गानों की धुन पर थिरकते कदम… नजारा बिल्कुल फिल्मी लग रहा था।
विदेशी पर्यटक भारतीय त्योहारों के रंग में ऐसे रंगे कि मानो बरसों से इसी परंपरा का हिस्सा हों। ऑस्ट्रेलिया से आई एम्मा ने कहा कि होली बेहद शानदार पर्व है, यहां मस्ती है, रंग हैं, डांस है और ढेर सारी खुशियां हैं। उन्होंने बताया कि यह भारत में उनकी पहली होली है और उन्हें यह अनुभव बेहद पसंद आया।
खजुराहो अपने ऐतिहासिक मंदिरों और विश्व धरोहर स्थलों के लिए दुनियाभर में प्रसिद्ध है, इसलिए यहां हर साल बड़ी संख्या में विदेशी सैलानी पहुंचते हैं। जो भी पर्यटक इस दौरान यहां मौजूद रहा, वह इस रंगीन जश्न में शामिल हुए बिना खुद को रोक नहीं पाया।
होली के उत्साह के बीच सुरक्षा के मद्देनजर स्थानीय पुलिस भी मुस्तैद नजर आई, ताकि त्योहार का रंग सिर्फ खुशियों में घुला रहे और कोई व्यवधान न आए।

