योगी कैबिनेट विस्तार पर अखिलेश यादव का बड़ा तंज: बोले- ‘उधर से पर्ची आएगी, यहां सिर्फ पढ़ी जाएगी’, फिल्म देखने वाले बयान से मचा सियासी घमासान

उत्तर प्रदेश में योगी आदित्यनाथ सरकार के मंत्रिमंडल विस्तार के बाद सियासत तेज हो गई है। लंबे इंतजार के बाद हुए इस विस्तार में भूपेंद्र चौधरी, मनोज पांडेय, कैलाश राजपूत, सुरेंद्र दिलेर, हंसराज विश्वकर्मा और कृष्णा पासवान समेत 6 नेताओं को कैबिनेट मंत्री पद की शपथ दिलाई गई, जबकि सोमेंद्र तोमर और अजीत पाल सिंह को प्रमोशन मिला। लेकिन इस पूरे घटनाक्रम पर समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव ने तीखा तंज कसते हुए बीजेपी सरकार को निशाने पर लिया है।

अखिलेश यादव ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट करते हुए लिखा कि “समय बिताने के लिए करना है कुछ काम।” उन्होंने तंज भरे अंदाज में कहा कि मंत्रिमंडल विस्तार में यहां किसी का कोई काम नहीं है, उधर से सिर्फ पर्ची आएगी और यहां पढ़ी जाएगी। उन्होंने कहा कि बीजेपी राज में अब CM का मतलब केवल “Courier-Messenger” बनकर रह गया है।

सपा प्रमुख यहीं नहीं रुके। उन्होंने फिल्म देखने वाले बयान का जिक्र करते हुए कहा कि जनता पूछ रही है कि फिल्म सबसे आगे बैठकर देखेंगे या पीछे बैठकर। उन्होंने कटाक्ष करते हुए कहा कि फिल्म ध्यान से देखिएगा, शायद ‘कर्मफल-कंसफल’ का सिद्धांत समझ में आ जाए और कुछ बदलाव भी देखने को मिले।

अखिलेश यादव ने अपने पोस्ट में लालच, लोभ और स्वार्थ की राजनीति पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि इंसान से ज्यादा उसका लालच और लोभ बुरा होता है, जो धीरे-धीरे उसके व्यवहार को खराब कर देता है। वहीं अगर व्यक्ति स्वार्थ छोड़कर परमार्थ के रास्ते पर चलता है तो सकारात्मक बदलाव संभव है। उन्होंने “तमसो मा ज्योतिर्गमय” का उल्लेख करते हुए आत्मचिंतन और बदलाव का संदेश भी दिया।

वहीं दूसरी तरफ बीजेपी इस मंत्रिमंडल विस्तार को चुनावी रणनीति से जोड़कर देख रही है। जातीय और क्षेत्रीय समीकरण साधने के लिए पश्चिम यूपी, ओबीसी, दलित और ब्राह्मण चेहरों को मंत्रिमंडल में जगह दी गई है। ऐसे में आगामी विधानसभा चुनाव से पहले यूपी की राजनीति और भी ज्यादा गरमाती नजर आ रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *