होली के दिन खुशियों के बीच एक ऐसी वारदात सामने आई जिसने सभी को झकझोर कर रख दिया। एक युवक ने अपनी ही पत्नी पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर उसकी जान ले ली, और मां को बचाने आई बेटी को भी नहीं बख्शा। हैरानी की बात यह रही कि वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी ने खुद ही पुलिस को फोन कर पूरी घटना की जानकारी दी और फिर मौके से फरार हो गया।
यह सनसनीखेज मामला अंकुर विहार थाना क्षेत्र के डीएलएफ एमएम रोड स्थित एक फ्लैट का है। बताया जा रहा है कि पति ने अपनी पत्नी के चरित्र पर शक करते हुए झगड़ा शुरू किया। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि गुस्से में उसने घर में रखा चाकू उठाया और पत्नी पर जानलेवा हमला कर दिया।
मां को बचाने के लिए बेटी बीच में आई तो आरोपी ने उस पर भी हमला कर दिया और उसके पेट में चाकू घोंप दिया। खून से लथपथ मां-बेटी घर में पड़ी थीं और आरोपी ने पुलिस को कॉल कर वारदात की सूचना दी, लेकिन पुलिस के पहुंचने से पहले ही वह फरार हो चुका था।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों को अस्पताल पहुंचाया, जहां इलाज के दौरान 50 वर्षीय मीनू की मौत हो गई। बेटी का इलाज अभी जारी है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। फिलहाल आरोपी की तलाश में दबिश दी जा रही है और इलाके में सनसनी का माहौल बना हुआ है।

