ग्वालियर। ग्वालियर की MPMLA कोर्ट में केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया और कांग्रेस नेता दिग्विजय सिंह से जुड़े चर्चित मानहानि मामले में सुनवाई हुई। इस दौरान परिवादी एडवोकेट नितिन शर्मा के बयान दर्ज किए गए। मामला साल 2023 में दिए गए एक बयान से जुड़ा है, जिसमें केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया द्वारा दिग्विजय सिंह के लिए ‘देश विरोधी’ शब्द इस्तेमाल किए जाने को लेकर विवाद खड़ा हुआ था।
इस मामले में केवल सिंधिया ही नहीं बल्कि मंत्री तुलसीराम सिलावट और महेंद्र सिंह सिसोदिया के नाम भी शामिल हैं। आरोप है कि आपत्तिजनक बयान देने के साथ-साथ सोशल मीडिया पर विवादित पोस्ट को री-पोस्ट भी किया गया था। इसी को लेकर कोर्ट में मानहानि का परिवाद दायर किया गया है।
पहले यह मामला सीजेएम कोर्ट में चल रहा था, लेकिन बाद में इसे MPMLA स्पेशल कोर्ट में ट्रांसफर कर दिया गया। जांच के दौरान पुलिस ने अपनी स्टेटस रिपोर्ट भी कोर्ट में पेश की, जिसमें विवादित सोशल मीडिया पोस्ट के मौजूद होने की पुष्टि की गई है।
अब इस हाईप्रोफाइल मामले की अगली सुनवाई 15 जून को होगी। ऐसे में आने वाले दिनों में यह मामला प्रदेश की राजनीति में और ज्यादा गर्मा सकता है।

