इंदौर। मध्यप्रदेश में कांग्रेस सरकार के दौरान पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ के ओएसडी रहे प्रवीण कक्कड़ दुबई से सुरक्षित इंदौर लौट आए हैं। खास बात यह रही कि कांग्रेस सरकार में अहम पद संभाल चुके कक्कड़ ने खुले तौर पर भारत सरकार और यूएई प्रशासन की तारीफ की। उन्होंने कहा कि खतरनाक हालात के बीच भारत सरकार, भारतीय एंबेसी और यूएई प्रशासन ने लगातार मदद की, जिसकी वजह से वे सुरक्षित भारत वापस लौट सके।
प्रवीण कक्कड़ ने बताया कि दुबई में जिस होटल में वे ठहरे हुए थे, उससे महज तीन होटल की दूरी पर ड्रोन हमला हुआ था। इस घटना के बाद इलाके में कुछ समय के लिए डर का माहौल बन गया था। उन्होंने कहा कि उस दौरान दुबई में लगातार ड्रोन हमलों की खबरें सामने आ रही थीं, जिससे उनका परिवार भी काफी चिंतित था कि वे सुरक्षित लौट पाएंगे या नहीं।
कक्कड़ के मुताबिक दुबई का सिक्योरिटी सिस्टम बेहद हाईटेक है और ज्यादातर ड्रोन को हवा में ही नष्ट कर दिया जाता है, हालांकि कुछ मामलों में ड्रोन इमारतों से टकराने की घटनाएं भी सामने आईं। इसके बाद प्रशासन ने लोगों को अलर्ट करते हुए साफ निर्देश जारी किए थे कि कोई भी व्यक्ति कांच या खिड़कियों के पास खड़ा न हो।
उन्होंने बताया कि हालात तनावपूर्ण जरूर थे, लेकिन दुबई की रफ्तार पूरी तरह नहीं थमी थी। शहर के बाजार और मॉल खुले हुए थे और सामान्य गतिविधियां जारी थीं, हालांकि माहौल में डर जरूर महसूस हो रहा था।
प्रवीण कक्कड़ ने भारत सरकार की भूमिका की सराहना करते हुए कहा कि मुश्किल समय में भारतीय एंबेसी लगातार संपर्क में रही और हर संभव मदद पहुंचाई। साथ ही उन्होंने यूएई सरकार की भी तारीफ करते हुए कहा कि वहां लोगों की सुरक्षा के लिए सख्त इंतजाम किए गए थे।
उन्होंने यह भी बताया कि इस दौरान अलग-अलग राजनीतिक दलों के नेताओं के फोन भी आए और सभी ने उनका हालचाल जाना। हालांकि उन्होंने किसी भी पार्टी का नाम नहीं लिया, लेकिन कहा कि मुश्किल वक्त में सभी ने चिंता जताई और ऐसे हालात में विदेश में फंसे भारतीयों के लिए भारत सरकार और एंबेसी का सहयोग सबसे बड़ी ताकत बनकर सामने आता है, जिसकी वजह से वे सुरक्षित अपने देश लौट पाए।

