इंदौर पहुंचे बीजेपी राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन! CM मोहन यादव ने किया जोरदार स्वागत, आज से शुरू होगा ‘सेवा संकल्प अभियान’

इंदौर। बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन मध्य प्रदेश के दौरे पर इंदौर पहुंच चुके हैं। एयरपोर्ट पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, बीजेपी के वरिष्ठ नेताओं और कार्यकर्ताओं ने उनका जोरदार स्वागत किया। नितिन नबीन के दौरे को लेकर बीजेपी कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह देखने को मिला। इंदौर के बाद वे उज्जैन और मंदसौर भी जाएंगे।

नितिन नबीन के स्वागत से पहले मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने मीडिया से चर्चा की। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन को बीजेपी ‘सेवा संकल्प’ के रूप में मना रही है। इसी क्रम में मध्य प्रदेश में स्वामित्व योजना के तहत आज अभियान की शुरुआत की गई है। ग्रामीण क्षेत्रों में आबादी की भूमि की रजिस्ट्री कर लोगों को मालिकाना हक देने की प्रक्रिया शुरू की जा रही है। मुख्यमंत्री के मुताबिक, मध्य प्रदेश देश का पहला ऐसा राज्य होगा, जहां ग्रामीणों की निशुल्क रजिस्ट्री की जाएगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि आज विश्वकर्मा जयंती का भी संयोग है और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की पहल पर पीएम विश्वकर्मा योजना के जरिए पारंपरिक कारीगरों और कलाकारों को अपनी कला और हुनर के लिए अवसर मिल रहे हैं। उन्होंने कहा कि बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन पहली बार देवी अहिल्याबाई होल्कर की नगरी इंदौर पहुंचे हैं और उनका भव्य स्वागत किया जाएगा। एयरपोर्ट से गांधी नगर स्थित कार्यक्रम स्थल तक उनका जोरदार स्वागत होगा और नितिन नबीन खुले वाहन में रैली के रूप में कार्यक्रम स्थल तक पहुंचेंगे।

बीजेपी के मुताबिक, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन में सेवा और समर्पण के 25 साल पूरे होने के अवसर पर मध्य प्रदेश में 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक ‘सेवा संकल्प अभियान’ चलाया जाएगा। इस अभियान की शुरुआत आज शाम उज्जैन के रामघाट से होगी। यहां बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन, मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और पार्टी का वरिष्ठ नेतृत्व शिप्रा नदी पर ‘आशीर्वाद का दीया’ प्रज्ज्वलित करेगा।

इसी दिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का जन्मदिन ‘सेवा पर्व’ के रूप में मनाया जाएगा। बीजेपी कार्यकर्ताओं की ओर से प्रदेश के अलग-अलग बूथों पर लाभार्थियों के घरों में भी दीये जलाए जाएंगे। अब नितिन नबीन के इस पहले मध्य प्रदेश दौरे और ‘सेवा संकल्प अभियान’ के जरिए बीजेपी किस तरह प्रदेश में अपने संगठनात्मक कार्यक्रमों को आगे बढ़ाती है, इस पर सभी की नजर रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *