रंगोत्सव के पावन अवसर पर गोरखपुर स्थित गोरखनाथ मंदिर में भव्य होली मिलन समारोह का आयोजन किया गया, जहां गोरक्षपीठाधीश्वर और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अगुवाई में लोगों ने होली का उत्सव बड़े उत्साह और उमंग के साथ मनाया। समारोह के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उपस्थित लोगों पर फूलों की वर्षा की और सभी को होली की हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं दीं। इस मौके पर बड़ी संख्या में साधु-संत, जनप्रतिनिधि और आम नागरिक मौजूद रहे।
सकारात्मक सोच ही दिलाती है जीत
गोरखनाथ मंदिर के महंत दिग्विजयनाथ स्मृति भवन सभागार में आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि समाज में हमेशा दो तरह की ताकतें मौजूद रहती हैं। एक सकारात्मक सोच के साथ आगे बढ़ने वाली ताकतें होती हैं और दूसरी नकारात्मक सोच वाली ताकतें। नकारात्मक सोच रखने वाली ताकतें हमेशा विध्वंसात्मक गतिविधियों को बढ़ावा देती हैं, जबकि सकारात्मक सोच रखने वाली ताकतें योजनाबद्ध तरीके से आगे बढ़ती हैं और उनका परिणाम हमेशा सुखद होता है। उन्होंने कहा कि शांति, आनंद और उल्लास के साथ होली जैसे पर्व का आयोजन भी सकारात्मक सोच का ही परिणाम है।
सनातन पर सवाल उठाने वालों को नहीं समझ होली का अर्थ
मुख्यमंत्री ने कहा कि देश और दुनिया में रहने वाले सनातन धर्म के अनुयायियों ने पूरे उत्साह और समरसता के साथ होली का पर्व मनाकर अपनी सांस्कृतिक विरासत पर गर्व की अनुभूति की है। उन्होंने कहा कि सनातन धर्म की श्रेष्ठता पर वही लोग सवाल उठाते हैं, जिन्हें होली जैसे पर्व का असली अर्थ और महत्व समझ में नहीं आता। होली ऐसा पर्व है जिसमें किसी भी प्रकार का भेदभाव या छुआछूत नहीं होता। सनातन धर्म के पर्व और त्योहार किसी न किसी महत्वपूर्ण परिवर्तनकारी घटना से जुड़े होते हैं और इनके माध्यम से हमारी ऋषि परंपरा ने समाज को नई दिशा देने का काम किया है।
भारत की सकारात्मक सोच ही उसकी ताकत
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि आज दुनिया के कई हिस्सों में अव्यवस्था और तनाव का माहौल है, लेकिन भारत में शांति और उल्लास के साथ त्योहार मनाए जा रहे हैं। इसका कारण भारत की सकारात्मक सोच है। भारत ने कभी किसी के लिए बुरा नहीं सोचा और न ही बुरा किया है, इसलिए भारत बुराई का सामना भी मजबूती से करता है। उन्होंने कहा कि देश की प्रगति के लिए सभी नागरिकों को अपने-अपने क्षेत्र में राष्ट्र प्रथम की भावना के साथ अपने दायित्वों का पालन करना होगा और भक्ति को राष्ट्रभक्ति से जोड़ना होगा।
होली गीतों से गूंज उठा समारोह
इस होली मिलन समारोह में प्रसिद्ध लोकगायक राकेश श्रीवास्तव और उनकी टीम ने होली के पारंपरिक गीतों की शानदार प्रस्तुति दी, जिसका मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आनंद लिया। कार्यक्रम के दौरान सांसद रविकिशन ने भी होली गीत गाकर माहौल को और रंगीन बना दिया। इसके बाद मुख्यमंत्री ने उपस्थित लोगों पर पुष्प वर्षा कर फूलों की होली खेली। पूरे समारोह में उत्साह, भक्ति और सांस्कृतिक उल्लास का अद्भुत संगम देखने को मिला।

