गणित का पेपर बिगड़ा और खत्म हो गई एक मासूम जिंदगी

ग्वालियर। मध्य प्रदेश के ग्वालियर से एक बेहद दर्दनाक और दिल को झकझोर देने वाली घटना सामने आई है। यहां 10वीं कक्षा में पढ़ने वाली 15 साल की छात्रा एंजेल तिवारी ने अपने ही घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। बताया जा रहा है कि गणित का पेपर खराब हो जाने की वजह से वह पिछले कुछ दिनों से काफी तनाव में थी और इसी तनाव ने उसे इतना बड़ा कदम उठाने पर मजबूर कर दिया।

यह घटना ग्वालियर के थाटीपुर थाना क्षेत्र के सिद्धेश्वर नगर की है। पुलिस और परिवार से मिली जानकारी के अनुसार, एंजेल रोज की तरह कोचिंग से वापस घर लौटी थी। घर आने के बाद उसने अपनी मां और छोटे भाई के साथ बैठकर खाना भी खाया। उस समय किसी को जरा भी अंदाजा नहीं था कि कुछ ही देर बाद घर में इतना बड़ा हादसा होने वाला है।

खाना खाने के बाद एंजेल अपने कमरे में चली गई। कुछ देर तक जब वह बाहर नहीं आई तो परिवार के एक सदस्य ने जाकर कमरे का दरवाजा खोला। जैसे ही अंदर का नजारा देखा, सभी के पैरों तले जमीन खिसक गई। एंजेल कमरे में फंदे से लटकी हुई थी। परिवार के लोगों ने तुरंत उसे नीचे उतारा, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी।

मौके पर पुलिस को किसी भी तरह का सुसाइड नोट नहीं मिला है। हालांकि शुरुआती जानकारी में यह सामने आया है कि गणित का पेपर खराब होने की वजह से वह काफी परेशान और तनाव में थी। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है।

इस घटना की सबसे दर्दनाक बात यह है कि एंजेल के पिता दुबई में नौकरी करते हैं। उस समय वे विदेश में ही फंसे हुए थे और तुरंत भारत नहीं आ सके। हालात ऐसे थे कि उन्हें ग्वालियर पहुंचने में तीन दिन लग गए। परिवार ने बेटी के शव को तीन दिन तक संभालकर रखा, ताकि पिता आखिरी बार अपनी बेटी को देख सकें।

तीन दिन बाद जब पिता दुबई से ग्वालियर पहुंचे, तब शव का पोस्टमार्टम कराया गया। थाटीपुर थाना पुलिस ने इस मामले में मर्ग कायम कर लिया है और जांच शुरू कर दी है। पुलिस अब यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि आखिर एंजेल ने इतना बड़ा कदम क्यों उठाया। परीक्षा के तनाव के साथ-साथ अन्य संभावित कारणों की भी जांच की जा रही है।

एक छोटी सी परीक्षा की चिंता ने एक परिवार से उसकी बेटी छीन ली, और पीछे छोड़ गया ऐसा दर्द… जिसे शायद यह परिवार जिंदगी भर नहीं भूल पाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *