टी-20 विश्व कप के दूसरे सेमीफाइनल मुकाबले में टीम इंडिया ने शानदार प्रदर्शन करते हुए इंग्लैंड को हराकर फाइनल में अपनी जगह पक्की कर ली। मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में खेले गए इस मुकाबले में भारत और इंग्लैंड के बीच जबरदस्त टक्कर देखने को मिली। मैच के दौरान आखिरी ओवर तक रोमांच बना रहा, लेकिन भारतीय खिलाड़ियों ने गेंद और बल्ले दोनों से दमदार खेल दिखाते हुए मुकाबला अपने नाम कर लिया। जैसे ही भारत की जीत पक्की हुई, पूरे देश में जश्न का माहौल बन गया और क्रिकेट प्रेमियों की खुशी देखने लायक थी।
मध्य प्रदेश में भी भारत की इस जीत का जबरदस्त जश्न देखने को मिला। इंदौर के ऐतिहासिक राजवाड़ा पर बड़ी संख्या में क्रिकेट फैंस हाथों में तिरंगा लेकर पहुंच गए और जीत की खुशी मनाने लगे। राजवाड़ा चौराहे पर युवाओं ने जमकर आतिशबाजी की और ढोल-ताशों की धुन पर लोग झूमते नजर आए। चारों तरफ “भारत माता की जय” और “वंदे मातरम्” के नारों से पूरा माहौल गूंज उठा। भारत की इस जीत से क्रिकेट प्रेमियों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला और अब सभी को फाइनल मुकाबले का बेसब्री से इंतजार है।
इंदौर के साथ-साथ जबलपुर में भी भारत की जीत पर लोगों ने जमकर जश्न मनाया। शहर के मालवीय चौक पर बड़ी संख्या में लोग इकट्ठा हो गए और एक-दूसरे को जीत की बधाई देने लगे। सड़कों पर लोग तिरंगा लहराते हुए नजर आए और खुशी से झूमते दिखाई दिए।
उधर उज्जैन में भी भारत की जीत का जश्न देर रात तक चलता रहा। शहर के हृदय स्थल टॉवर चौराहे पर युवाओं की टोलियां सड़कों पर उतर आईं और जमकर आतिशबाजी की गई। “भारत माता की जय” और “वंदे मातरम्” के नारों से पूरा इलाका गूंज उठा। टीम इंडिया की जीत के इस जश्न में युवा, बुजुर्ग और बच्चे सभी शामिल नजर आए। हाथों में तिरंगा लिए लोग यह कहते दिखाई दिए कि अब अगला कदम ट्रॉफी जीतना है और विश्व कप भारत के नाम होना चाहिए।
भारत की इस शानदार जीत के बाद अब पूरे देश की नजरें फाइनल मुकाबले पर टिकी हैं, जहां क्रिकेट फैंस को उम्मीद है कि टीम इंडिया एक और यादगार जीत दर्ज कर देश को विश्व कप का ताज दिलाएगी।

