T20 वर्ल्ड कप 2026 : बेंच से सीधे ‘वर्ल्ड कप के शिखर’ तक, संजू सैमसन अकेले भारतीय, क्या रचेंगे इतिहास

टी20 विश्व कप 2026 में संजू सैमसन शुरुआत में प्लेइंग 11 की पहली पसंद नहीं थे। लेकिन बाद में उन्हें मौका मिला और उन्होंने बड़े मुकाबलों में टीम के लिए मैच विनर साबित होकर सभी को हैरान कर दिया। संजू ने चार मैचों में कुल 232 रन बनाए और सुपर 8 के आखिरी मैच और सेमीफाइनल में प्लेयर ऑफ द मैच का खिताब जीता।

संजू का सफर आसान नहीं था। ग्रुप स्टेज में खराब फॉर्म के कारण वह नामीबिया के खिलाफ सिर्फ एक मैच खेल पाए थे, जब अभिषेक शर्मा चोट के कारण बाहर थे। अभिषेक की वापसी के बाद संजू बेंच पर बैठ गए। लेकिन किस्मत ने पलटा खाया और जब टीम का टॉप ऑर्डर स्पिनर्स के खिलाफ लड़खड़ाया, तब दाएं हाथ के संजू को प्लेइंग 11 में मौका मिला।

मौका मिलते ही संजू ने शानदार प्रदर्शन किया। जिम्बाब्वे के खिलाफ सुपर 8 में उन्होंने 24 रन बनाए। फिर वेस्टइंडीज के खिलाफ 97 रनों की ऐतिहासिक पारी खेलकर टीम को सेमीफाइनल में पहुँचाया। सेमीफाइनल में इंग्लैंड के खिलाफ उन्होंने 89 रनों की तूफानी पारी खेली। संजू के इस प्रदर्शन को आईसीसी ने भी सराहा है। अब उनके पास ‘प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट’ बनने का मौका है। आईसीसी ने इसके लिए आठ सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ियों को शॉर्टलिस्ट किया है, जिसमें भारत से केवल संजू सैमसन का नाम शामिल है।

आईसीसी ने ‘प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट’ के लिए जिन खिलाड़ियों को नॉमिनेट किया है, उनमें विल जैक्स, साहिबजादा फरहान, रचिन रवींद्र, लुंगी एनगिडी, एडेन मार्कराम, टिम सिफर्ट और शैडली वैन शाल्कविक शामिल हैं।

विल जैक्स (इंग्लैंड) – ये ऑलराउंडर फिनिशर की भूमिका में रहे। 8 मैचों में उन्होंने 226 रन बनाए और 9 विकेट लिए। चार बार प्लेयर ऑफ द मैच बने।

साहिबजादा फरहान (पाकिस्तान) – पाकिस्तान के इस ओपनर ने 7 मैचों में 383 रन बनाए। टूर्नामेंट में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज हैं, जिनमें 2 शतक शामिल हैं।

लुंगी एनगिडी (साउथ अफ्रीका) – इस तेज गेंदबाज ने 7 मैचों में 12 विकेट लिए और 7.19 की इकॉनमी रेट से गेंदबाजी की।

शैडली वैन शाल्कविक (USA) – 4 मैचों में 13 विकेट लिए और 6.80 की इकॉनमी रेट से शानदार प्रदर्शन किया।

टिम सिफर्ट (न्यूजीलैंड) – 8 मैचों में 3 फिफ्टी के साथ 274 रन बनाए।

एडेन मार्कराम (साउथ अफ्रीका) – शानदार कप्तानी के साथ 8 मैचों में 286 रन बनाए।

रचिन रवींद्र (न्यूजीलैंड) – 8 मैचों में 128 रन और 11 विकेट लिए।

संजू सैमसन इस लिस्ट में अकेले भारतीय हैं और अगर फाइनल में उन्होंने भी धमाका किया, तो इतिहास रचने का मौका उनके हाथ में है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *