पुलिया पर बड़ा हादसा, 20 फीट नीचे गिरी गर्भवती महिला… अस्पताल पहुंचते ही दिया बच्ची को जन्म

 खरगोन। मध्य प्रदेश के खरगोन जिले के भगवानपुरा क्षेत्र से एक हैरान कर देने वाली घटना सामने आई है, जहां एक सड़क हादसे के बाद गर्भवती महिला पुलिया से करीब 20 फीट नीचे जा गिरी। गंभीर हालात में उसे अस्पताल पहुंचाया गया और वहां पहुंचते ही उसने एक स्वस्थ बच्ची को जन्म दिया।

जानकारी के मुताबिक यह घटना सिरवेल के पास शुक्रवार को हुई। एक बाइक सवार दंपती अस्पताल जाने के लिए निकले थे, तभी रास्ते में सामने से आ रही एक अज्ञात बाइक ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि दोनों बाइक सवार संतुलन खो बैठे और पुलिया से लगभग 20 फीट नीचे गिर गए।

हादसे में गर्भवती महिला घायल हो गई और मौके पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत मदद करते हुए महिला को बाहर निकाला और बिना देर किए अस्पताल पहुंचाया।

अस्पताल पहुंचते ही डॉक्टरों ने महिला का इलाज शुरू किया, लेकिन उसी दौरान उसे प्रसव पीड़ा शुरू हो गई। कुछ ही समय बाद महिला ने एक स्वस्थ बच्ची को जन्म दिया।

इस पूरे घटनाक्रम को सुनकर हर कोई हैरान है, क्योंकि इतना बड़ा हादसा होने के बावजूद मां और नवजात दोनों सुरक्षित हैं। फिलहाल यह घटना पूरे इलाके में चर्चा का विषय बनी हुई है और लोग इसे किसी चमत्कार से कम नहीं मान रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *