इंदौर। इंदौर के भागीरथपुरा दूषित पानी कांड में 35 से ज्यादा लोगों की मौत के बाद अब कांग्रेस के अंदर से ही संवेदनशीलता को लेकर सवाल उठने लगे हैं। इस मामले में मध्यप्रदेश कांग्रेस के पूर्व महासचिव राकेश सिंह यादव ने लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी को पत्र लिखकर भोपाल में प्रस्तावित होली मिलन समारोह को स्थगित करने की मांग की है।
राकेश सिंह यादव ने अपने पत्र में लिखा है कि इंदौर के भागीरथपुरा इलाके में दूषित पानी की वजह से हुई मौतों ने पूरे प्रदेश को झकझोर कर रख दिया है। कई परिवार आज भी गहरे सदमे में हैं और शहर में शोक का माहौल बना हुआ है। ऐसे समय में उत्सव मनाना जनता की भावनाओं के विपरीत संदेश देगा।
पत्र में यह भी कहा गया है कि प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी का गृहनगर इंदौर है और वहां इस समय दुख और शोक का माहौल है। ऐसे में उत्सव मनाने के बजाय पीड़ित परिवारों के साथ खड़े रहना ही कांग्रेस की असली गांधीवादी विचारधारा को दर्शाता है।
राकेश सिंह यादव ने यह भी उल्लेख किया कि भोपाल में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष के निवास पर प्रस्तावित होली मिलन समारोह को लेकर जनमानस में सवाल उठ रहे हैं। क्योंकि इसी जलकांड के विरोध में इंदौर में कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन भी किया था और कई नेताओं ने इस बार होली से दूरी बनाने का फैसला किया है।
उन्होंने राहुल गांधी से आग्रह किया है कि पार्टी की मानवीय और संवेदनशील परंपरा को ध्यान में रखते हुए फिलहाल होली मिलन समारोह को स्थगित करने की सलाह दी जाए, ताकि पीड़ित परिवारों को यह महसूस हो सके कि कांग्रेस उनके दुख में बराबर की भागीदार है।
दरअसल इंदौर के इस जलकांड को लेकर पहले से ही प्रदेश सरकार घिरी हुई है, लेकिन अब कांग्रेस के अंदर से उठी यह मांग राजनीतिक रूप से भी काफी अहम मानी जा रही है, क्योंकि इससे संगठन की कार्यशैली और संवेदनशीलता को लेकर भी सवाल खड़े हो रहे हैं।

