ग्वालियर। मध्य प्रदेश के ग्वालियर में सामने आए सनसनीखेज हनी ट्रैप मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। इस केस में एक ही परिवार के चार लोगों को गिरफ्तार किया गया है, जिनमें पति-पत्नी, उनकी बेटी और दामाद शामिल हैं। आरोप है कि ये चारों मिलकर हनी ट्रैप का जाल चलाते थे और लोगों को फंसाकर उनसे पैसे और गहने ऐंठते थे। इस बार उनके जाल में राजस्थान के एक ऑटो पार्ट्स कारोबारी फंस गए थे।
बताया जा रहा है कि राजस्थान के कोटा शहर के रहने वाले कारोबारी भरत भूटानी को मां-बेटी ने मिलने के बहाने ग्वालियर के गांधीनगर इलाके में स्थित एक फ्लैट पर बुलाया था। जब भरत वहां पहुंचे तो शुरुआत में उन्हें मेहमान की तरह बिठाया गया और बातचीत की गई। इसके बाद महिला उन्हें कमरे में ले गई। इसी दौरान पहले से रसोई में छिपे उसके पति और दामाद अचानक कमरे में घुस आए और उन्होंने मुंह पर कपड़ा बांध रखा था।
दोनों ने मोबाइल में रिकॉर्डिंग शुरू कर दी और कारोबारी पर झूठे आरोप लगाते हुए उसे रेप केस में फंसाने की धमकी देने लगे। इसके बाद डर और दबाव बनाकर भरत के हाथ से सोने की अंगूठी, कड़ा और गले से चेन छीन ली, जिनकी कुल कीमत करीब 12 लाख रुपये बताई जा रही है। घटना के बाद घबराए कारोबारी ने पुलिस को पहले लूट की कहानी बताई, लेकिन जब पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली तो पूरी कहानी संदिग्ध लगी और जांच आगे बढ़ाई गई।
जांच के दौरान मामला लूट नहीं बल्कि हनी ट्रैप का निकला। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए पति-पत्नी, उनकी बेटी और दामाद को गिरफ्तार कर लिया और उनके कब्जे से सोने के गहने भी बरामद कर लिए हैं। पुलिस अब चारों आरोपियों से पूछताछ कर रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि इस गैंग ने पहले भी कितने लोगों को अपने जाल में फंसाया है। इस सनसनीखेज खुलासे के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है।

