उज्जैन। भारत और न्यूजीलैंड के बीच होने वाले टी-20 विश्व कप के फाइनल मुकाबले से पहले मध्य प्रदेश के उज्जैन में खास धार्मिक अनुष्ठान किया गया। शहर के भैरवगढ़ मार्ग स्थित मां बगलामुखी मंदिर में भारतीय टीम की जीत की कामना के लिए विशेष मिर्ची अनुष्ठान आयोजित किया गया। यह अनुष्ठान बीजेपी सांसद अनिल फिरोजिया की ओर से कराया गया, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु और क्रिकेट प्रेमी भी शामिल हुए।
इस विशेष अनुष्ठान में 51 बटुकों ने भाग लिया और पूरे विधि-विधान के साथ पूजा-अर्चना की। पूजा के दौरान भारतीय टीम के खिलाड़ियों के चित्र रखे गए और उनके सामने मिर्ची, सरसों और अन्य पूजन सामग्री अर्पित की गई। करीब एक घंटे तक चले इस अनुष्ठान में मंत्रोच्चार के साथ भारतीय टीम की जीत और देश की खुशहाली की कामना की गई।
सांसद अनिल फिरोजिया ने भी यज्ञ में मिर्ची की आहुति दी और माता बगलामुखी से प्रार्थना की कि वह भारतीय टीम को शक्ति और विजय का आशीर्वाद दें, ताकि टीम इंडिया फाइनल मुकाबले में जीत हासिल कर सके और करोड़ों देशवासियों की उम्मीदों पर खरा उतर सके।
इस मौके पर मंदिर के महंत रामदास महाराज ने बताया कि इस अनुष्ठान का मुख्य उद्देश्य भारतीय टीम की जीत की कामना करना था। उन्होंने कहा कि माता बगलामुखी से प्रार्थना की गई है कि भारतीय टीम अपने विरोधियों को पराजित कर इस महत्वपूर्ण मुकाबले में विजय हासिल करे। वहीं टी-20 विश्व कप के इस महामुकाबले को लेकर क्रिकेट प्रेमियों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है और देशभर में करोड़ों लोग टीम इंडिया की जीत के लिए दुआ और प्रार्थना कर रहे हैं।

