मनरेगा में जेसीबी से काम का वीडियो वायरल, सीईओ बोले – वीडियो भेजिए, जांच के बाद होगी कार्रवाई

सिंगरौली। मध्य प्रदेश के सिंगरौली जिले के देवसर जनपद पंचायत अंतर्गत ग्राम पंचायत कठदहा में मनरेगा योजना को लेकर एक नया विवाद सामने आया है। यहां जी राम जी योजना के तहत जेसीबी मशीन से काम कराए जाने का वीडियो वायरल हो गया है, जिसके बाद ग्रामीणों में नाराजगी बढ़ गई है। ग्रामीणों का आरोप है कि जिस काम को मजदूरों से कराया जाना चाहिए था, वहां नियमों की अनदेखी करते हुए जेसीबी मशीन लगाकर काम कराया जा रहा है।

ग्रामीणों का कहना है कि मनरेगा योजना का मुख्य उद्देश्य गांव के लोगों को रोजगार उपलब्ध कराना है, ताकि उन्हें अपने ही क्षेत्र में काम मिल सके और उनकी आजीविका बेहतर हो सके। लेकिन ग्राम पंचायत कठदहा में इस योजना के नियमों का पालन नहीं किया जा रहा और मजदूरों की जगह मशीनों से काम कराया जा रहा है, जिससे ग्रामीणों को मिलने वाला रोजगार प्रभावित हो रहा है।

जब इस पूरे मामले को लेकर जनपद पंचायत देवसर के सीईओ से सवाल किया गया तो उन्होंने सीधे कोई स्पष्ट जवाब नहीं दिया। उन्होंने कहा कि यदि इस तरह का कोई वीडियो सामने आया है तो उसे भेजा जाए, उसके बाद जांच कराई जाएगी और जो भी दोषी पाया जाएगा उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

हालांकि सीईओ के इस जवाब से ग्रामीणों में नाराजगी देखने को मिल रही है। उनका कहना है कि जिम्मेदार अधिकारियों को खुद संज्ञान लेते हुए मौके पर पहुंचकर जांच करनी चाहिए, ताकि योजना के नियमों का सही तरीके से पालन हो सके और मजदूरों को उनका अधिकार मिल सके। अब सबकी नजर इस बात पर टिकी है कि प्रशासन इस वायरल वीडियो के बाद जांच में क्या सच्चाई सामने लाता है और दोषियों पर क्या कार्रवाई की जाती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *