जबलपुर। मध्य प्रदेश की संस्कारधानी जबलपुर से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां एक महिला की बेरहमी से हत्या कर दी गई। हत्या के बाद आरोपी महिला के शव को झाड़ियों में फेंककर फरार हो गए। महिला का खून से लथपथ शव मिलने के बाद इलाके में हड़कंप मच गया।
यह पूरा मामला लार्डगंज थाना क्षेत्र का बताया जा रहा है। जानकारी के मुताबिक इलाके में झाड़ियों के बीच एक महिला का शव पड़ा होने की सूचना मिली, जिसके बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लिया। महिला के पेट और गले पर गंभीर चोटों के निशान पाए गए हैं, जिससे अंदेशा जताया जा रहा है कि उसकी चाकू से गोदकर हत्या की गई है।
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस के साथ एफएसएल की टीम भी मौके पर पहुंची और घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया। इसके बाद महिला के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। फिलहाल पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है और महिला की पहचान करने की कोशिश की जा रही है।
एफएसएल प्रभारी डॉक्टर नीता जैन ने बताया कि लार्डगंज थाना क्षेत्र में एक अज्ञात महिला का शव मिलने की सूचना मिली थी। मौके पर जांच के दौरान महिला की गर्दन और पेट पर गंभीर चोट के निशान पाए गए हैं और प्रथम दृष्टया मामला हत्या का लग रहा है।
वहीं हत्या से पहले महिला के साथ किसी तरह की गलत घटना होने की आशंका को भी पूरी तरह से नकारा नहीं जा रहा है। हालांकि पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही पूरे मामले का खुलासा हो सकेगा और उसके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

