ग्वालियर अग्निकांड में महिला की मौत, भीषण आग में दम घुटने से गई जान, विधायक सतीश सिकरवार ने की पुष्टि

 ग्वालियर। मध्य प्रदेश के ग्वालियर में हुए भीषण अग्निकांड में एक महिला की मौत हो गई है। बताया जा रहा है कि आग लगने की घटना में घायल हुई महिला अंकिता अग्रवाल को अस्पताल ले जाया जा रहा था, लेकिन रास्ते में ही उन्होंने दम तोड़ दिया। मौके पर पहुंचे कांग्रेस विधायक डॉक्टर सतीश सिकरवार ने महिला की मौत की पुष्टि करते हुए कहा कि आग इतनी भीषण थी कि दम घुटने के कारण महिला की जान चली गई।

दरअसल यह पूरी घटना ग्वालियर के कोतवाली थाना क्षेत्र की है, जहां एक मकान में अचानक भीषण आग लग गई। आग लगने के दौरान घर के अंदर करीब 5 से 6 लोग फंस गए थे, जिन्हें खिड़की तोड़कर बाहर निकाला गया। जानकारी के मुताबिक यह मकान लकड़ी कारोबारी कुंज बिहारी एंड संस का बताया जा रहा है।

घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की एक दर्जन से ज्यादा फायर ब्रिगेड की गाड़ियां मौके पर पहुंच गईं और आग पर काबू पाने के लिए कड़ी मशक्कत शुरू कर दी गई। इस दौरान पुलिस और स्थानीय लोगों ने भी राहत और बचाव कार्य में सहयोग किया।

आग की भयावहता को देखते हुए प्रशासनिक अमला, नगर निगम, पुलिस, मिनिस्ट्री ऑफ डिफेंस और एसडीआरएफ की टीमें भी मौके पर पहुंच गईं और बचाव कार्य में जुट गईं। फिलहाल आग पर काबू पा लिया गया है, लेकिन आग लगने की असली वजह अब तक सामने नहीं आ पाई है और मामले की जांच की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *