एमपी में जश्न के दौरान हंगामा, शाजापुर में मस्जिद के पास फेंका सुतली बम, देवास में CSP समेत दो पुलिसकर्मी घायल

मध्य प्रदेश में टी-20 वर्ल्ड कप जीत के जश्न के दौरान कुछ जगहों पर माहौल बिगड़ गया और जश्न हुड़दंग में बदलता नजर आया। शाजापुर जिले में बाइक सवार युवकों द्वारा मस्जिद के पास सुतली बम फेंकने की घटना सामने आई है, जिसके बाद इलाके में तनाव की स्थिति बन गई।

जानकारी के मुताबिक भारत की टी-20 वर्ल्ड कप जीत के बाद रविवार रात को शाजापुर में बड़ी संख्या में युवक बाइक पर सवार होकर जश्न मना रहे थे। इसी दौरान किला रोड पर स्थित पीपलपत्ता मस्जिद के पास बाइक सवार युवकों में से किसी ने नाली में सुतली बम फेंक दिया। बम फूटते ही नाली का कीचड़ उछलकर मस्जिद की दीवार पर जा गिरा, जिससे विवाद की स्थिति बन गई।

घटना की जानकारी मिलते ही इलाके में बड़ी संख्या में लोग जमा हो गए और माहौल तनावपूर्ण हो गया। सूचना मिलते ही पुलिस भी मौके पर पहुंच गई और स्थिति को संभाला। इस पूरी घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसमें कई युवक बाइक पर जश्न मनाते हुए निकलते दिखाई दे रहे हैं और इसी दौरान बम फेंकते हुए नजर आते हैं।

पीपलपत्ता मस्जिद कमेटी ने इस मामले में कोतवाली थाने में आवेदन देकर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान करने की कोशिश की जा रही है।

वहीं दूसरी ओर देवास में भी जश्न के दौरान हुड़दंग की घटना सामने आई। सयाजी द्वार इलाके में भारतीय टीम की जीत का जश्न मनाया जा रहा था, तभी कुछ लोगों ने पटाखे और बम एक-दूसरे की ओर फेंकना शुरू कर दिया। इसी दौरान जलता हुआ बम पुलिसकर्मियों के पास जाकर फूट गया, जिससे सीएसपी सुमित अग्रवाल समेत दो पुलिस जवान घायल हो गए।

घायल पुलिसकर्मियों को तुरंत इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें छुट्टी दे दी गई। घटना के बाद पुलिस ने मौके पर सख्ती दिखाई और हुड़दंग करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की बात कही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *