इटारसी। मध्य प्रदेश के इटारसी से एक हैरान कर देने वाली घटना सामने आई है, जहां सड़क हादसे के दौरान घायल व्यक्ति की मदद कर रहे लोगों के बीच ही एक शातिर चोर उसकी बाइक लेकर फरार हो गया। पूरी वारदात पास में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है, जिसके बाद पुलिस अब आरोपियों की तलाश में जुट गई है।
जानकारी के मुताबिक मालवीयगंज निवासी 50 वर्षीय विनोद कुमार रैकवार रविवार दोपहर बाजार से अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान चर्च रोड इलाके में विश्वनाथ टॉकीज के पास स्थित सानिया मेडिकल स्टोर के सामने उनकी बाइक सड़क पर रखे एक बोर्ड से टकरा गई, जिससे वे सड़क पर गिर पड़े।
जैसे ही आसपास मौजूद लोगों ने उन्हें गिरते देखा, कई लोग तुरंत उनकी मदद के लिए मौके पर पहुंच गए। लोग घायल व्यक्ति को उठाने और संभालने में लगे हुए थे, लेकिन इसी बीच वहां मौजूद दो संदिग्ध युवकों में से एक ने मौका देखकर उनकी बाइक स्टार्ट की और लेकर वहां से फरार हो गया।
यह पूरी घटना पास में लगे सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गई है। फुटेज में साफ दिखाई दे रहा है कि दो युवक कुछ देर तक आसपास संदिग्ध तरीके से घूमते रहते हैं और जैसे ही मौका मिलता है, उनमें से एक युवक बाइक लेकर तेजी से भाग जाता है।
पीड़ित विनोद कुमार रैकवार के मुताबिक चोरी हुई बाइक का नंबर एमपी 05 जेडजे 9016 है। उन्होंने बताया कि यह बाइक हाल ही में खरीदी गई थी और इसकी कीमत करीब 1 लाख 30 हजार रुपये है।
घटना की जानकारी पुलिस को दे दी गई है और पुलिस अब सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान करने और उनकी तलाश करने में जुट गई है।

