मैहर। मध्य प्रदेश के सतना जिले में चलती बस में महिला के साथ अश्लील हरकत का मामला सामने आया है, जहां अमरपाटन शासकीय महाविद्यालय के असिस्टेंट प्रोफेसर डॉ. आलोक कुमार सिन्हा पर गंभीर आरोप लगे हैं।
घटना सोमवार की बताई जा रही है, जब महिला सुबह करीब 11 बजे सतना से बस में बैठकर अमरपाटन जा रही थी, तभी भटनवारा के पास बगल की सीट खाली हुई और आरोपी वहां आकर बैठ गया।
आरोप है कि बैठते ही उसने महिला के साथ गलत तरीके से छूना और अश्लील हरकतें करना शुरू कर दिया, जिससे महिला घबरा गई लेकिन उसने हिम्मत दिखाते हुए पूरे घटनाक्रम को अपने मोबाइल कैमरे में रिकॉर्ड कर लिया।
यह वीडियो अब इस मामले में सबसे बड़ा सबूत बन गया है, जिसके आधार पर महिला सीधे थाने पहुंची और आरोपी के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई।
पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए आरोपी के खिलाफ छेड़छाड़ और जान से मारने की धमकी देने के आरोप में भारतीय न्याय संहिता की धारा 74 और 351(3) के तहत मामला दर्ज कर लिया है।
थाना प्रभारी विजय सिंह परस्ते के अनुसार, पूरे मामले की हर एंगल से जांच की जा रही है और अगर आरोप सही पाए गए तो आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

