इंदौर। इंदौर के सिंधी कॉलोनी इलाके में सोमवार देर शाम उस वक्त हड़कंप मच गया, जब प्रेम प्रसंग के विवाद में नशे में धुत एक युवक ने दूसरी मंजिल से छलांग लगा दी और गंभीर रूप से घायल हो गया।
बताया जा रहा है कि युवक एक किराए पर रहने वाली युवती से मिलने पहुंचा था, जो दूसरे शहर की रहने वाली है और यहां एक निजी अस्पताल में काम करती है, दोनों कमरे में मौजूद थे तभी किसी बात को लेकर कहासुनी शुरू हो गई।
देखते ही देखते यह विवाद इतना बढ़ गया कि युवक ने आवेश में आकर खौफनाक कदम उठाते हुए दूसरी मंजिल से छलांग लगा दी और बिल्डिंग के पीछे बनी बैक लेन में जा गिरा।
तेज आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे तो युवक खून से लथपथ हालत में पड़ा मिला, जिसके बाद स्थानीय लोगों ने बिना देर किए उसे निजी वाहन से अस्पताल पहुंचाया।
घटना की सूचना मिलते ही जूनी इंदौर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी, पुलिस के मुताबिक युवक को गंभीर चोटें आई हैं और उसकी हालत अभी भी नाजुक बनी हुई है।
फिलहाल युवक का इलाज एक निजी अस्पताल में जारी है और पुलिस पूरे घटनाक्रम की हर पहलू से जांच कर रही है।

