भोपाल। मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता दिग्विजय सिंह रामनवमी के पावन अवसर पर अयोध्या जाने वाले हैं, जहां वे भगवान रामलला के दर्शन कर आशीर्वाद लेंगे और धार्मिक कार्यक्रमों में शामिल होंगे।
सूत्रों के मुताबिक अयोध्या पहुंचने के बाद वे सबसे पहले हनुमानगढ़ी में पूजा-अर्चना करेंगे, इसके बाद राम मंदिर जाकर भगवान रामलला के दर्शन करेंगे और कनक भवन में भी पूजा करेंगे।
बताया जा रहा है कि राम मंदिर निर्माण के बाद यह पहला मौका होगा जब दिग्विजय सिंह अयोध्या पहुंचकर रामलला के दर्शन करेंगे, इससे पहले उन्होंने मंदिर निर्माण के लिए 1 लाख 11 हजार रुपये का योगदान भी दिया था।
उनका अयोध्या एयरपोर्ट पर सुबह करीब 9 बजकर 40 मिनट पर पहुंचने का कार्यक्रम है, जिसके बाद उनका पूरा दिन धार्मिक दर्शन और पूजा-अर्चना में व्यतीत होगा।
रामनवमी के मौके पर उनका यह दौरा राजनीतिक और धार्मिक दोनों ही नजरियों से खास माना जा रहा है, जिस पर सभी की नजरें टिकी हुई हैं।

