इंदौर। इंदौर में बीएसएफ ट्रेड्समैन भर्ती प्रक्रिया को लेकर उस वक्त हंगामा खड़ा हो गया जब बड़ी संख्या में पहुंचे अभ्यर्थियों को अचानक बताया गया कि उनके फॉर्म रिजेक्ट हो चुके हैं, जिसके बाद नाराज युवाओं ने विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया।
देशभर से उम्मीदवार भर्ती प्रक्रिया में शामिल होने इंदौर पहुंचे थे, लेकिन आरोप है कि मध्यप्रदेश और महाराष्ट्र के अभ्यर्थियों की परीक्षा ही नहीं ली गई और उन्हें सीधे बाहर कर दिया गया।
अभ्यर्थियों का कहना है कि पहले उनसे आवेदन भरवाए गए, एडमिट कार्ड जारी किए गए और जब फिजिकल टेस्ट का समय आया तो उन्हें यह कहकर रोक दिया गया कि उनके फॉर्म रिजेक्ट हैं, जिससे भर्ती प्रक्रिया पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।
गुस्साए अभ्यर्थियों ने बीएसएफ कार्यालय के बाहर इकट्ठा होकर जमकर नारेबाजी की और पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की, उनका सवाल है कि आखिर एक ही राज्य के सभी उम्मीदवारों के फॉर्म एक साथ कैसे खारिज हो सकते हैं।
बताया जा रहा है कि कई अभ्यर्थी रात 12 बजे से ही इंदौर में मौजूद थे, लेकिन उन्हें फिजिकल टेस्ट देने का मौका तक नहीं मिला, जिससे आक्रोश और बढ़ गया।
फिलहाल मौके पर तनावपूर्ण स्थिति बनी हुई है और अभ्यर्थी भर्ती प्रक्रिया में कथित गड़बड़ी और घोटाले की जांच की मांग पर अड़े हुए हैं।

