ग्वालियर। मध्य प्रदेश के ग्वालियर में एक दर्दनाक सड़क हादसे ने न सिर्फ पांच लोगों की जान ले ली, बल्कि इंसानियत को भी कठघरे में खड़ा कर दिया, थाठीपुर थाना क्षेत्र के परशुराम चौराहे के पास ऑटो और तेज रफ्तार बोलेरो कार की जोरदार टक्कर में मौके पर ही पांच लोगों की मौत हो गई, जबकि चार अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए, सभी श्रद्धालु शीतला माता के दर्शन कर लौट रहे थे
लेकिन इस हादसे का सबसे शर्मनाक पहलू तब सामने आया जब मौके पर मौजूद लोग मदद करने की बजाय वीडियो बनाने और सेल्फी लेने में जुट गए, वायरल वीडियो में एक युवक लाशों के पास खड़ा होकर सेल्फी लेते नजर आया, जबकि आसपास मौजूद कुछ लोग गुस्से में चिल्लाते रहे कि क्या किसी में इतनी भी हिम्मत नहीं है कि घायलों को अस्पताल पहुंचाया जाए
घटना के दौरान कई लोग मदद के लिए आवाज लगाते रहे, ऑटो से घायलों को अस्पताल ले जाने की गुहार लगाई जाती रही, लेकिन मौके पर मौजूद ज्यादातर लोग तमाशबीन बने रहे, इस घटना ने सोशल मीडिया पर लोगों को झकझोर दिया है और मानवता के गिरते स्तर पर सवाल खड़े कर दिए हैं
हादसा इतना भीषण था कि ऑटो में सवार नौ लोगों में से पांच की मौके पर ही मौत हो गई, जिनमें तीन महिलाएं और दो पुरुष शामिल हैं, जबकि घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है, पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है, लेकिन इस घटना ने एक बार फिर यह सोचने पर मजबूर कर दिया है कि आखिर हम किस दिशा में जा रहे हैं, जहां इंसानियत से ज्यादा मोबाइल कैमरा अहम हो गया है

