छिंदवाड़ा। मध्य प्रदेश के छिंदवाड़ा में हुए भीषण बस हादसे के बाद प्रभारी मंत्री राकेश सिंह देर रात जिला अस्पताल पहुंचे, जहां उन्होंने घायलों से मुलाकात कर उनका हालचाल जाना और डॉक्टरों से इलाज की पूरी जानकारी ली, इस दौरान उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि किसी भी घायल के उपचार में कोई कमी नहीं रहनी चाहिए और सभी को बेहतर से बेहतर चिकित्सा सुविधा दी जाए
मंत्री राकेश सिंह ने इस दुखद हादसे पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना जताई और भरोसा दिलाया कि राज्य सरकार इस कठिन समय में उनके साथ खड़ी है, उन्होंने कहा कि मृतकों के परिजनों को चार-चार लाख रुपये की आर्थिक सहायता दी जाएगी, जबकि गंभीर रूप से घायलों को एक-एक लाख रुपये की मदद दी जाएगी
घायलों के बेहतर इलाज के लिए जबलपुर से डॉक्टरों की विशेष टीम भी देर रात छिंदवाड़ा पहुंची, जिन्होंने अस्पताल में भर्ती सभी मरीजों का परीक्षण किया और इलाज की स्थिति का जायजा लिया, साथ ही प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को जरूरी दिशा-निर्देश दिए गए ताकि हर मरीज को समय पर और उचित इलाज मिल सके
गौरतलब है कि गुरुवार शाम करीब 7 बजे छिंदवाड़ा-नागपुर रोड पर बस और पिकअप के बीच हुई जोरदार टक्कर में 10 लोगों की दर्दनाक मौत हो गई थी, जिनमें 6 पुरुष, 3 महिलाएं और एक बच्चा शामिल है, वहीं कई लोग घायल हुए हैं जिनका इलाज जारी है, जबकि दो गंभीर घायलों को बेहतर इलाज के लिए नागपुर रेफर किया गया है

