भोपाल। राजधानी भोपाल में एक बार फिर निर्माण कार्य में लापरवाही का मामला सामने आया है, जहां एम्स भोपाल के पास एक निर्माणाधीन बिल्डिंग का छज्जा अचानक गिर गया और देखते ही देखते अफरा-तफरी मच गई, इस हादसे में करीब आधा दर्जन लोग घायल हो गए
बताया जा रहा है कि यह हादसा बिल्डिंग की तीसरी मंजिल से हुआ, जहां निर्माण के दौरान अचानक एक बड़ा हिस्सा ढह गया और कई लोग मलबे में दब गए, मौके पर मौजूद स्थानीय लोगों और रेस्क्यू टीम ने तुरंत राहत कार्य शुरू किया और मलबे में फंसे तीन लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला गया, सभी घायलों को तुरंत नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया जहां उनका इलाज जारी है
जानकारी के मुताबिक यह नई बिल्डिंग करीब 35 साल पुराने भवन के ऊपर बनाई जा रही थी और निर्माण के दौरान नियमों की अनदेखी की जा रही थी, इसी लापरवाही को इस हादसे की बड़ी वजह माना जा रहा है
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और नगर निगम की टीम मौके पर पहुंच गई और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी गई है, वहीं हादसे के बाद इलाके में लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई, स्थानीय लोगों का आरोप है कि बिल्डिंग का कुछ हिस्सा अवैध तरीके से बनाया जा रहा था और इस पर पहले ही कार्रवाई होनी चाहिए थी
अब सवाल यही उठ रहा है कि आखिर ऐसे निर्माण कार्यों पर समय रहते सख्ती क्यों नहीं की जाती, क्या हर बार किसी हादसे के बाद ही प्रशासन की नींद खुलेगी या फिर इस बार जिम्मेदारों पर कोई ठोस कार्रवाई देखने को मिलेगी

