डबरा (ग्वालियर)। मध्यप्रदेश के डबरा में भ्रष्टाचार के एक बड़े मामले ने तूल पकड़ लिया है, जहां तत्कालीन सीएमओ प्रदीप भदौरिया पर आर्थिक अपराध शाखा यानी EOW ने मामला दर्ज किया है, इस कार्रवाई के बाद पूरे नगर परिषद में हड़कंप मच गया है
जानकारी के मुताबिक इस मामले में एक संविदा कर्मचारी कंप्यूटर ऑपरेटर राहुल गुप्ता को भी आरोपी बनाया गया है, दोनों पर आरोप है कि प्रधानमंत्री आवास योजना में गड़बड़ी करते हुए नियमों के खिलाफ रकम का लेनदेन किया गया
दरअसल वार्ड 11 के पार्षद धर्मेंद्र सिंह हैप्पी ने इस पूरे मामले की शिकायत EOW में की थी, जिसमें आरोप लगाया गया कि तत्कालीन सीएमओ ने 13 हितग्राहियों के खातों में नियम के विपरीत तीन-तीन लाख रुपये ट्रांसफर किए, जबकि तय राशि इससे कम थी, इसके बाद इन पैसों को वापस लेकर भ्रष्टाचार को अंजाम दिया गया
पार्षद का दावा है कि एक हितग्राही को लगभग ढाई लाख रुपये मिलते हैं, लेकिन यहां जानबूझकर ज्यादा राशि खातों में डाली गई और फिर उसे वापस लेकर बड़ा खेल किया गया, इस पूरे मामले में करीब 1 करोड़ 31 लाख रुपये के घोटाले की बात सामने आई है
इतना ही नहीं, शिकायत में यह भी कहा गया है कि 70 से ज्यादा ऐसे मामले हैं जहां बिना जीओ टैगिंग के ही पैसे खातों में डाल दिए गए, जो सीधे तौर पर नियमों का उल्लंघन है
फिलहाल EOW पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है और आने वाले दिनों में इस मामले में और बड़े खुलासे होने की संभावना जताई जा रही है, बता दें कि आरोपी प्रदीप भदौरिया वर्तमान में लिधौरा खास नगर परिषद में पदस्थ हैं, ऐसे में अब सबकी नजर इस बात पर टिकी है कि जांच में आगे क्या निकलकर सामने आता है और किन-किन लोगों पर कार्रवाई होती है

